गरीबों-ग्रामीणों के सिर पर छत मुहैया कराने के अभियान के तहत आज मध्यप्रदेश के रिकार्ड 5.21 लाख ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आज पीएम नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृह प्रवेश कराया। इस मौके पर मोदी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें गरीबों के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें गरीबों के नाम पर फर्जीवाड़ा करती रही हैं। इससे पहले उन्होंने ट्वीट किया कि मप्र के ग्रामीणों के जीवन में एक नया सवेरा आने वाला है। प्रधानमंत्री ने इन हितग्राहियों से संवाद भी किया। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान छतरपुर में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गरीब परिवार का अपना पक्वा मकान हो, यह केंद्र और राज्य सरकार का संकल्प है इसके लिये अमीरों से टैक्स लेकर गरीबों को सुविधा दी जायेगी। जरूरत हुई तो जमीन भी खरीदकरदी जायेगी। इस मौके पर शिवराज ने कन्यादान योजना फिर शुरू करने, गरीबों को पांच लाख तक इलाज की सुविधा समेत सोशल इंजीनियरिंग से जुड़ी कई योजनाओं का उल्लेख किया।

गरीबों को मुफ्त अनाज सितंबर तक जारी रखने का ऐलान करते हुए शिवराज ने प्रधानमंत्री का आभार माना। उन्होंने कहा कि मप्र में गरीबों के बच्चों की पढ़ाई की फीस सरकार भरेगी। रोजगार दिवस के मौके पर हर महीने लाखों लोगों को ऋण उपलब्ध कराएं जाएंगे।

18 हजार से अधिक ग्रामों में बने मकान

आज जहां गृह प्रवेश होना है, वहां दीप जलाए गए और रंगोली बनीं। गांवों में सरपंच, बुजुर्ग या प्रतिष्ठित व्यक्ति को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। प्रदेश में 18298 ग्राम पंचायतों में नए आवासों का निर्माण हुआ है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी 22 हजार 710 पंचायतों में किया गया।

75 अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार वर्ष प्रतिपदा से अगली वर्ष प्रतिपदा तक सभी जिलों में 75 नये सरोवर तैयार किये जाना चाहिये, इनका नाम आजादी के अमृत महोत्सव की तर्ज पर अमृत सरोवर किया जाना चाहिये, ताकि अगली पीढी को आजादी का इतिहास जानने का भी अवसर मिले। उन्होंने कहा कि भूजल के जमकर दोहन से धरती प्यासी है, सरोवरों से भूजल स्तर बढ़ेगा।

पुरानी सरकारों ने चंद घर बनाए हमने ढाई करोड़

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने अपने वचुअल संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार अब तक ढाई करोड़ गरीबों को घर दे चुकी है। मप्र में ही 24 लाख घर बन चुके हैं। जबकि पूर्ववर्ती केंद्र सरकारों ने महज कुछ लाख घर की गरीबों के दिए थे। मोदी ने कहा कि गरीबों को पक्का मकान देने का अभियान गरीबों के भीतर विश्वास और हिम्मत भरने का प्रयास है ताकि वे अपने निश्चिंत होकर बच्चों और परिवार की बेहतरी के लिए ध्यान केंद्रित कर सकें।

पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2020 की जांच होगी

मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2020 की सरकार जांच कराएंगी। इस संबंध में आज गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आदेश दिए है। उम्मीवारों ने परीक्षा के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा - 2020 की मैप आईटी के सहयोग से जांच होगी। मिश्रा ने कहा कि रिजल्ट एक ही बार आया है। रिजल्ट के पहले और बाद की बात का सवाल ही नहीं उठता है। दो बार रिजल्ट जारी होने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि रिजल्ट की गड़बड़ी को लेकर उम्मीदवारों ने उनसे भी मुलाकात की थी। उसी समय कर्मचारी चयन बोर्ड के सबसे बड़े अधिकारी से बात की थी और मैप आईटी के सहयोग से जांच के आदेश किए गए है।