आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Election 2022) के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है. इसके साथ ही AAP अब तक 250 कैंडिडेट्स को मैदान में उतार चुकी है. 11 नवंबर को 133 प्रत्‍याशियों की पहली सूची जारी की गई थी. उसके बाद 12 नवंबर को 117 प्रत्‍याशियों की दूसरी सूची जारी की गई. इस बार पार्टी ने कई मौजूदा पार्षदों को टिकट देने से इनकार कर दिया है. जिसके चलते चुनाव लड़ने का सपना देख रहे कई नेताओं को टिकट नहीं मिला सका. 

टिकट न मिलने से कई नेताओं की पार्टी के प्रति नाराजगी सामने आने लगी है. AAP के पूर्व पार्षद हसीब उल हसन टिकट नहीं दिए जाने पर शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गए. जिसका वीडियो अब तेज़ी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

हसीब उल हसन का कहना है कि AAP ने उन्हें ऐन मौके पर टिकट देने से इनकार कर दिया और उनके दस्तावेज भी जब्त कर लिए ताकि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी चुनाव न लड़ सकें.

उन्होंने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संजय सिंह, दुर्गेश पाठक और आतिशी तीनों भ्रष्ट है क्योंकि उन्होंने ही टिकट 2-3 करोड़ रुपए में बेचे हैं. साथ ही उन्होंने अपनी मौत के लिए इन तीनों नेताओं को ज़िम्मेदार ठहराने की बात भी कही.

कुछ देर बाद मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने उन्हें नीचे उतारा. मीडिया से चर्चा में पूर्व पार्षद ने कहा कि ये आपकी जीत है अब मैं कल नामांकन भरूंगा. अगर आप लोग नहीं आते तो AAP के नेता संजय सिंह, दुर्गेश पाठक, आतिशी मेरे पेपर कभी वापस नहीं करते. पार्टी मीडिया से डर गई. मेरे पेपर साजिश के तहत रखे गए थे. इस हाई वोल्टेज ड्रामें के बाद अब AAP की मुश्किले थोड़ी बढ़ सकती हैं.