फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' इस समय देश में चर्चा में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस फिल्म को देखने के बाद हर कोई इस फिल्म को देखना चाहता है। अब साइबर अपराधी इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता का फायदा उठा रहे हैं। कई जगहों पर 'द कश्मीर फाइल्स' के मुफ्त डाउनलोड लिंक भेजकर साइबर अपराध के मामले सामने आए हैं। नोएडा पुलिस ने इसे लेकर लोगों को अलर्ट कर दिया है।  नोएडा पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर संदिग्ध लिंक और फिल्म से जुड़े वॉट्सऐप पर क्लिक न करने की अपील की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, साइबर क्रिमिनल फ्री मूवी का लालच दिखाकर लोगों को लिंक भेजते हैं। लोग भी इसके शिकार हो जाते हैं और उस लिंक पर क्लिक कर देते हैं। इसके बाद ये अपराधी यूजर्स के फोन हैक कर सकते हैं और उनके बैंक खाते खाली कर सकते हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नोएडा) रणविजय सिंह ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' का लिंक साझा करने के बाद इस तरह का मैलवेयर व्हाट्सएप पर भेज सकते हैं। इस तरह महज 24 घंटे में 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत थाने में दर्ज करायी गयी है। इस तरह के लिंक पर क्लिक करने के बाद यूजर को पता ही नहीं चलता कि उनका डिवाइस किसी रिमोट लोकेशन से हैक कर लिया गया है। इसका खुलासा तब होता है जब बैंक खाते खाली पाए जाते हैं।

गौतमबुद्धनगर साइबर सेल के एक अधिकारी बलजीत सिंह ने लोगों से कहा है कि अगर उनके सामने कोई ऑनलाइन फ्रॉड या इससे जुड़ी कोई समस्या आती है तो वे तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 का इस्तेमाल करें। दिल्ली पुलिस से शिकायत मिलने के बाद नोएडा पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।

साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक दिल्ली में धोखाधड़ी के मामलों में पंजाब से संबंध सामने आए हैं। आशंका जताई जा रही है कि धोखाधड़ी करने वाले पंजाब से हों सकते हैं। साइबर विशेषज्ञों और राज्य पुलिस की टीम वर्तमान में मामलों की जांच कर रही है। इस दौरान किसी अनपेक्षित या अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें। आमतौर पर ऐसे लिंक मूवी, इवेंट या प्लान के नाम पर होते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक करके आपके बैंक खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं।