मध्यप्रदेश सरकार ने एक बार फिर से "मुख्यमंत्री_तीर्थ_दर्शन योजना" शुरू कर दी है। सीएम शिवराज ने इस योजना के अंतर्गत पावन नगरी काशी के लिए रवाना होने वाली तीर्थयात्री ट्रेन को भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम शिवराज ने कहा, इस योजना के फिर से शुरू होने से प्रदेश के नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दे रहा है।
देखिये लाइव :
शिवराज सरकार के मंत्री भी करेंगे यात्रा :
"मुख्यमंत्री_तीर्थ_दर्शन योजना कार्यक्रम से शिवराज बोले, आज हमारे बुजुर्ग जन तीर्थ दर्शन का अद्भुत सुख, आनंद उठाने के लिए काशी धाम की तीर्थदर्शन यात्रा पर जा रहे हैं। आपकी खुशी देखकर मेरा मन भी आनंदित है, ह्रदय अभिभूत है। आप सभी को शुभकामनाएं। योजना की इस यात्रा में तीर्थयात्रियों के साथ मंत्री भी जा रहे हैं। आपकी यात्रा ठीक से संपन्न हो, इसलिए आपकी सेवा में सरकार साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा, शरीर के सुख के साथ आत्मा का सुख भी चाहिये। तीर्थ दर्शन के पश्चात जो सुख मिलता है, वह जीवन को अद्भुत आनंद से भर देता है। हमारे यहां कहा भी जाता है कि जीवन का अंतिम लक्ष्य परमात्मा की प्राप्ति है। आप सभी तीर्थ यात्रा से वापसी के बाद अपने गांव, मोहल्ले में लोगों को पौधरोपण, स्वच्छता और नशा विरोध के लिए जागृत करें। आप सब यात्रा के दौरान केवल परमात्मा का ध्यान करें, आपको अद्भुत आनंद की प्राप्ति होगी। प्रेम से दर्शन और यात्रा कीजिए और खूब आनंद से आइए और आने के बाद आपको कुछ काम समाज के लिए करने हैं।
शिवराज बोले- अब ये ट्रेनें नहीं रुकेंगी
सीएम शिवराज ने रानी कमलापति स्टेशन, भोपाल से मुख्यमंत्री_तीर्थ_दर्शन योजना के पुनः प्रारंभ अवसर पर तीर्थ यात्रियों को शॉल, श्रीफल, तुलसी की माला से सम्मानित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री उषा ठाकुर उपस्थित रहीं। इस अवसर पर सीएम ने बताया कि, ट्रेन में सभी व्यवस्था होगी, नाश्ता, चाय, तीर्थ स्थान पर रुकने की व्यवस्था और वापस लाकर उन्हें आदर के साथ घर भिजवाने की व्यवस्था। अब ये ट्रेनें रुकेंगी नहीं, एक के बाद एक जाती रहेंगी और आपको दर्शन करवाती रहेंगी। क्योंकि जीवन का एक महत्वपूर्ण पक्ष तीर्थ दर्शन है।
यात्रियों के साथ उषा ठाकुर की तीर्थयात्रा :
कैबिनेट मंत्री उषा ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि, यह योजना 2012 से प्रारंभ हुई थी, 2018 तक सात सौ चालीस ट्रेनों के माध्यम से सात लाख चालीस हजार लोगों को तीर्थ यात्रा कराई गई। कुछ नई यात्राएं भी इससे जुड़ी हैं।अयोध्या की यात्रा भी इसमें जुड़ी है पंचतीर्थ को भी जोड़ने का मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिया है। यात्रियों के लिए, उनकी सेवा के लिए एक चिकित्सक, एक भजन मंडली भी साथ में जा रही है। मैं सौभाग्यशाली हूं कि पहली यात्रा में मुझे जाने का मौका मिला। आज काशी विश्वनाथ जाते हुए मुझे सेवा करने का मौका प्राप्त होगा।