कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी इस समय बेंगलुरु "कर्नाटक" के दौरे पर हैं। इस दौरान वहां पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, कर्नाटक में हमेशा कांग्रेस पार्टी की विचारधारा रही है। भाजपा की वर्तमान सरकार एक वैध सरकार नहीं है। यह कोई ऐसी सरकार नहीं है जो वैध रूप से चुनी गई हो, बल्कि पैसों के बल पर बनी सरकार है। देश के सामने, कर्नाटक के सामने सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है। हिंदुस्तान की आर्थिक तबाही से महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है और हमारी स्ट्रेंथ 'अर्थव्यवस्था' का कमजोर होना हिंदुस्तान के सामने सबसे बड़ा मुद्दा है।
भाजपा नहीं दे सकती रोजगार : राहुल
राहुल बोले, नोटबंदी, गलत जीएसटी, किसान बिलों के कारण इस देश को नुकसान हुआ है। आज देश की हालत यह है कि भाजपा सरकार चाहे भी तो देश को रोजगार नहीं दे सकती है, क्योंकि जो शक्ति देश को रोजगार देती है उनको भाजपा ने तबाह कर दिया है। आज का हिंदुस्तान अपने युवाओं को रोजगार नहीं दे सकता और इससे देश को जबरदस्त नुकसान हो गया है और इससे भी ज्यादा होने वाला है। अब यह जो मुद्दे हैं, इन पर भाजपा बात नहीं कर सकती है, क्योंकि उनका रिकॉर्ड क्लियर है।
भाजपा ने गरीबों का हक छीनकर, उद्योगपतियों को दिया : राहुल
राहुल बोले, कर्नाटक का कोई भी भाजपा का नेता, हिंदुस्तान का कोई भी भाजपा का नेता आज मंच पर रोजगार, इकोनॉमी और भ्रष्टाचार की बात नहीं कर सकता है। भाजपा का लक्ष्य गरीबों का हक उनसे छीनकर दो तीन सबसे उद्योगपतियों के हवाले करने का है। हमारी जिम्मेदारी जरूरी मुद्दों को उठाने की है, रोजगार की बात करने की है, अर्थव्यवस्था को ठीक करने की है। हमारी जिम्मेदारी देश के अलग-अलग लोगों, धर्मों, जाति को एक साथ लाने की है। ये सब कांग्रेस करती है, वो तोड़ते हैं, हम जोड़ते हैं। भाजपा का काम तोड़ने का है, नफरत फैलाने का है और हमारा काम जोड़ने का है, सभी को साथ लाने का है। ये हमें कर्नाटक में करके दिखाना है।
राहुल का चुनावी गणित :
राहुल बोले, मैं आपको बधाई देना चाहता हूं कि देश में सबसे ज्यादा 60 लाख मेंबर कर्नाटक में हैं। 60 लाख कोई छोटी संख्या नहीं है और इसमें ज्यादातर मेंबर युवा हैं, जो नई सोच के साथ कांग्रेस पार्टी में आए हैं। इस चुनाव में हमें दो चीजों पर फोकस करना है - युवा और महिला..! हम युवाओं और महिलाओं को आगे ला सकते हैं, चाहे वो टिकट डिसीजन में हो या संगठन में हो..! हमें अपनी पूरी शक्ति के साथ इन्हें आगे लाना है। कर्नाटक को हमें एक नई कांग्रेस पार्टी दिखानी है जो मुद्दों के लिए लड़े, लोगों को एक साथ लाने का काम करे और भाजपा के झूठ को जनता के सामने स्पष्टता के साथ रखे।
हमारी सरकार का रिकॉर्ड सबसे अच्छा : राहुल
राहुल बोले, हमारी जब सरकार थी तो हमने कर्नाटक और दिल्ली में बहुत अच्छे काम किए थे। हमारी सरकार का रिकॉर्ड बहुत अच्छा है और बहुत अच्छा परफॉर्मेंस रहा था तो उसे भी हमें दोहराना पड़ेगा कि हमने क्या किया था और आने वाले समय में भी हम क्या करने जा रहे हैं। आपके लिए मेरा संदेश यही है कि 150 सीटों से कम एक भी सीट नहीं लानी है। मैं यही कहना चाहता हूं कि आप सभी को एक साथ लड़ना पड़ेगा, अपनी जिम्मेदारी गहराई से पूरी करनी पड़ेगी। आप सभी को एक साथ मिलकर 150 सीट कांग्रेस पार्टी को जितवानी है।