भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है। जिसे लेकर पार्टी की तरफ़ से तमाम तरह की तैयारियां की गई हैं। बीजेपी नेता अरुण सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थापना दिवस को लेकर कुछ अहम् जानकारी दी। अरुण सिंह बोले, बहुत ही हर्ष का विषय है कि कल भाजपा का स्थापना दिवस है। कल भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के 42 वर्ष पूरे हो रहे हैं। कल सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे एवं रक्तदान शिविर का भी यहां आयोजन किया जायेगा।

देखिये लाइव : 

 

पीएम कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित :

बीजेपी नेता ने बताया कि, ठीक 10 बजे प्रधानमंत्री देशभर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। भाजपा के सभी मंडलों में, जिला कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा। साथ ही शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रदेशों के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, सभी किसी न किसी कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष 11 बजे दिल्ली के करोलबाग से निकलने वाली शोभायात्रा में प्रतिभाग करेंगे। पार्टी ने तय किया है कि 7 अप्रैल से 20 अप्रैल तक पूरे देश में सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाया जाएगा।

12-15 अप्रैल तक देशभर में होंगे कई कार्यक्रम :

अरुण सिंह बोले, सामाजिक न्याय पखवाड़े माध्यम से केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जिले और मंडलों तक ले जाने का काम भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे। 12 अप्रैल को हम टीकाकरण दिवस के रूप में मनाएंगे। 13 अप्रैल को हम गरीब कल्याण अन्न योजना से संबंधित कार्यक्रम देशभर में करेंगे। 14 अप्रैल को बाबा साहेब अंबेडकर जी की जयंती पर बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 अप्रैल को अनुसूचित जनजाति कल्याण के लिए जो काम हुआ है और उसके साथ अनुसूचित जनजातीय समाज के जिन लोगों ने समाज के लिए विशिष्ट काम किया है, उनको सम्मानीत करने का काम भी भाजपा कार्यकर्ता करेंगे।

योजनाओं पर मंथन : 

अरुण सिंह बोले, इस पूरे पखवाड़े में समाज के लिए, गरीबों के लिए जो काम हुए हैं, उसका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। देश के आकांक्षी जिलों में केंद्रीय मंत्रियों का 24 घंटे का प्रवास होगा। वहां वो योजनाओं की चर्चा करेंगे और उनकी प्रगति की जानकारी लेंगे।