भारत सरकार ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और सार्वजनिक व्यवस्था के बारे में भ्रामक जानकारी फैलाने वाले 22 YouTube चैनलों को ब्लॉक करने का आदेश दिया है।
आईटी नियम, 2021 के तहत पहली बार 18 भारतीय यूट्यूब चैनलों को एक साथ ब्लॉक किया गया है। इसके अलावा पाकिस्तानी 4 यूट्यूब चैनल को भी ब्लॉक कर दिया गया है। कुल 22 यूट्यूब चैनलों पर मुकदमा चलाया गया है। प्रसारण और सूचना मंत्रालय के अनुसार, 22 चैनल भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और सार्वजनिक व्यवस्था के बारे में भ्रामक जानकारी फैला रहे थे।
इन YouTube चैनलों पर झूठे थंबनेल के साथ टीवी समाचार चैनलों के लोगों लगाकर दर्शकों में भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप है। यूट्यूब चैनलों के अलावा तीन ट्विटर अकाउंट, एक फेसबुक अकाउंट और एक न्यूज वेबसाइट को भी ब्लॉक कर दिया गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा है कि इन चैनलों को ब्लॉक करने के लिए आईटी नियम, 2021 का इस्तेमाल किया गया है।
जानकारी से अनुसार, इन YouTube चैनलों पर कुल दर्शकों की संख्या 260 करोड़ से अधिक थी। ये चैनल भारत के विदेश संबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था जैसे संवेदनशील मुद्दों पर झूठी खबरें फैला रहे थे। इसके अलावा इन चैनलों पर राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी झूठी खबरें फैलाई जा रही थीं।
भारत विरोधी सामग्री पाकिस्तानी चैनलों द्वारा परोसी जाती है। मंत्रालय के अनुसार, कई लोग जम्मू-कश्मीर जैसे विषयों पर झूठी खबरें फैलाने के लिए YouTube चैनल का उपयोग कर रहे हैं। इन लोगों का इरादा विदेशों से भारत के संबंध खराब करने का था।