बागेश्वर धाम सरकार के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को वाई कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। मध्यप्रदेश प्रशासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। यह कदम धीरेंद्र शास्त्री को कुछ समय पहले जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उठाया गया है।

कानून व्यवस्था और सुरक्षा आईजी की तरफ से इस संबंध में अन्य राज्यों को भी पत्र लिखा गया है। कुछ समय पहले धीरेन्द्र शास्त्री को परिवार समेत जान से मारने की धमकी मिली थी। इसको लेकर एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वाई श्रेणी की सुरक्षा में कमांडो के अलावा पुलिसकर्मियों की टीम हर समय सुरक्षा में तैनात रहती है। इसमें एक या दो कमांडो समेत कुल 8 जवान तैनात रहते हैं। इसके साथ ही इसमें सुरक्षा के लिए दो पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) भी होते हैं।