मध्यप्रदेश ने रणजी ट्रॉफी में  इतिहास रचने की ओर कदम बड़ा दिया है। मुंबई के खिलाफ फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 368 रन बना लिए हैं। मध्य प्रदेश की टीम अभी भी 6 रनों से पिछड़ी हुई है। अभी मध्यप्रदेश के 7 विकेट शेष हैं, ऐसे  में उसका पहली पारी में बढ़त लेना तय माना जा रहा है। इसके बाद अगर मैच ड्रॉ होता है तो पहली पारी की बढ़त के आधार पर मध्य प्रदेश खिताब जीत जाएगा। 

मध्य प्रदेश के लिए यश दुबे और शुभम शर्मा ने शतकीय पारी खेली। यश दुबे ने 336 गेंदों पर 133 रन में 14 चौके लगाए जबकि शुभम ने 215 गेंदों पर 116 रन में 15 चौके और एक छक्का लगाया। स्टंप्स के समय रजत पाटीदार 67 और कप्तान आदित्य श्रीवास्तव 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

दूसरे पूरे दिन मध्य प्रदेश की टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए थे। यश दुबे 44 और शुभम शर्मा 41 रनों पर नाबाद थे। यश दुबे और शुभम शर्मा ने तीसरे दिन न केवल अपने अर्धशतक पूरे किये बल्कि शतक पूरे करने के साथ साथ दोहरी शतकीय साझेदारी भी कर डाली। 

इससे पहले मैच के दूसरे दिन लंच के बाद मुंबई की पहली पारी 374 रनों पर सिमट गई थी। सरफराज खान ने सर्वाधिक 134 रन बनाए थे। मध्यप्रदेश के लिए गौरव यादव ने 4 और अनुभव अग्रवाल ने 3 विकेट लिए थे।