उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा था। चुनाव में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के लिए हर एक शब्द का इस्तेमाल किया था। लेकिन चुनाव परिणाम के बाद आज विधानसभा ने लोकतंत्र की खूबसूरती देखी। दोनों नेता मिले, हाथ मिलाया और हस्ते नज़र आये..! सीएम योगी ने भी अखिलेश के कंधे पर हाथ रखकर पीठ थपथपाई।

योगी ने थपथपाई पीठ :

योगी विधानसभा में विधायक के रूप में शपथ लेने के लिए आगे बढ़े, तो अखिलेश यादव उन्हें बधाई देने के लिए अपनी सीट के पास खड़े हुए। उन्होंने सीएम से हाथ मिलाया और कुछ कहते नजर आए। जब सीएम योगी अखिलेश से हाथ मिला रहे थे, समाजवादी पार्टी प्रमुख ने उन्हें कुछ ऐसा बताया जिससे योगी हंस पड़े। योगी के आगे बढ़ने के बाद अखिलेश भी सुरक्षा अधिकारी से कुछ कहते नजर आए।

योगी ने दी बधाई :

योगी के बाद विधायक पद की शपथ लेने की बारी अखिलेश यादव की थी। जब वह सीट से उठे तो समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने ताली बजानी शुरू कर दी। योगी की सीट के पास से गुजरते ही अखिलेश ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। योगी भी अपनी सीट से उठे और हाथ जोड़कर अखिलेश को बधाई दी।

यूपी में दूसरी बार योगी सरकार :

यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने लगातार दूसरी बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाई है। इस चुनाव में बीजेपी को 255 और सपा को 111 सीटें मिली। चुनाव परिणाम से पहले अखिलेश ने सत्ताधारी पार्टी पर ईवीएम से लेकर कई आरोप लगाए थे। हालांकि, इस चुनाव में अखिलेश की पार्टी के वोटबैंक और सीटों में बढ़ोतरी देखी गई।