लखनऊ: यूपी के जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने गृहमंत्री अमित शाह को अपना इस्तीफा भेजा है। इसकी कॉपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी भेजी गई है। दिनेश खटिक ने अपने पत्र में यूपी के अफसरों पर बड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दलित होने के कारण अफसर उनकी बात नहीं सुनते और न ही कुछ मानते हैं। हालांकि सरकार और पार्टी संगठन के स्तर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पत्र में दिनेश खटीक ने लिखा है कि जलशक्ति विभाग में दलित समाज का राज्य मंत्री होने के कारण उनके किसी भी आदेश पर कार्यवाही नहीं की जाती है। न उन्हें सूचना दी जाती है कि विभाग में कौन-कौन सी योजनाएं चल रही हैं और उन पर क्या कार्यवाही हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के अफसर दलितों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने एक मामले सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग को को लेकर फोन किया पर उन्होंने बात सुने बगैर फोन काट दिया।
उत्तर प्रदेश के तीन मंत्री नाराज चल रहे हैं. योगी सरकार में मंत्री दिनेश खटीक, जितिन प्रसाद और ब्रजेश पाठक नाराज चल रहे हैं. सरकार में राज्य मंत्री दिनेश खटीक के इस्तीफा दिए जाने की सूचना सामने आई है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
उत्तरप्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के बीच मंत्रियों की नाराजगी की सूचना सामने आ रही है। यूपी के जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक (Dinesh Khatik) लगातार नाराज चल रहे हैं। राज्य मंत्री खटीक काम आवंटित नहीं होने के कारण नाराज बताए जा रहे हैं। उनके एकाएक दिल्ली जाने की भी चर्चा है। उनकी नाराजगी मंगलवार से ही यूपी की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है। वे मंगलवार को योगी मंत्रिमंडल की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। बुधवार की सुबह अफवाह उड़ी कि दिनेश खटीक ने इस्तीफा दे दिया। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल भी बंद पाया गया है। माना जा रहा है कि वे दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। उनके अलावा डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और पीडब्लूडी मंत्री जितिन प्रसाद की नाराजगी की भी खबरें सामने आई हैं।
जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक सरकार के 100 दिन पूरे होने के बाद भी काम के आवंटन नहीं होने से नाराज हैं। इधर योगी सरकार ने पीडब्लूडी विभाग के ओएसडी के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई के बाद जितिन प्रसाद नाराज हो गए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की नाराजगी सबसे बड़ी वजह विभागीय स्तर उनका न सुना जाना बताया जा रहा है।