भोपाल. राज्य सरकार ने पचमढ़ी चिंतन के दौरान युवाओं और रोजगार पर सबसे बड़ा फोकस करने की तैयारी के तहत युवाओं के मन की बात समझने की कोशिश शुरू कर दी है। इस पूरी मुहिम को डेट साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान छह अप्रैल को युवा संवाद करेंगे। इसमें विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के 16 लाख से ज्यादा युवा प्रत्यक्ष व वर्चुअली • जोड़े जायेंगे। इस दौरान विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ट के प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम के लिए शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत भी होगी। ज्ञात हो कि प्रदेश में हर माह रोजगार मेला भी लगाया जा रहा है इसमें सरकार युवाओं को रोजगार से जोडने के लिये जानकारिया उपलब्ध करा रही है तो खुद के व्यापार के लिये ऋण भी दे रही है।

दरअसल युवा संवाद कार्यक्रम से प्रदेश के 1300 से अधिक शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। इसके लिए आनॅलाइन पंजीयन किया जा रहा है। सभी जिला मुख्यालय के राष्ट्रीय सूचना केंद्र और महाविद्यालयों में स्थापित वर्चुअल कक्षाओं से 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री सीधा संवाद करेंगे।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालयों के इनक्यूबेशन सेंटर के माध्यम से स्टार्ट अप को प्रोत्साहित करने के लिए विद्यार्थियों को सीडमनी का वितरण भी होगा। उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव का कहना है कि सरकार युवाओं के कल्याण के लिये काम कर रही है।

किसानों को और मोहलत

उधर राज्य सरकार किसानों पर भी हरसंभव इनायते लुटाने की कोशिश में बदस्तूर है। अब प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से खरीफ सीजन 2021 में ऋण लेने वाले किसानों को इसे चुकाने के लिए मोहलत देने की तैयारी है। दरअसल, अभी सिर्फ 22 प्रतिशत कर्ज की वसूली हुई है। गेहूं, चना सहित अन्य उपज की बिक्री अब प्रारंभ हो गई है। इससे किसानों के पास राशि की कोई कमी नहीं रहेगी और वे ऋण चुकाने में सक्षम हो जाएंगे। इसे देखते हुए किसानों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कर्ज अदायगी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग है। प्रदेश में प्रतिवर्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक साढ़े चार हजार से ज्यादा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को ब्याज रहित अल्पावधि कर्ज उपलब्ध कराते हैं।