भोपाल: नामीबिया से 17 सितंबर 2022 को आठ चीते आएंगे. इन्हें मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा जाएगा. हैरानी की बात ये है कि इन चीतों की सुरक्षा के लिए एक कुत्ते को प्रशिक्षित किया जा रहा है. ये है इलू जिसे कूनो नेशनल पार्क में चीतों की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा.
चीतों को शिकारियों से बचाने के लिए एक अल्सीसियन कुतिया को 'कमांडो' बनाया जा रहा है. ट्रेनिंग चंड़ीगढ़ से 22 किलोमीटर दूर भानू में स्थित ITBP के नेशनल ट्रेनिंग सेंटर में हो रही है. पांच महीने की इस कुतिया का नाम इलू (ILU) है. इसके साथ और भी कुत्तों को ट्रेनिंग दी जा रही है. इन चीतों को नेशनल पार्क के एक बाड़े में रखा जाएगा. ये बाड़ा काफी बड़े इलाके में फैला होगा.
ITBP देता है कुत्तों को विशेष ट्रेनिंग-
ITBP देश की कई राज्य पुलिस और सीएपीएफ यानी अर्धसैनिक बलों के कुत्तों को ट्रेनिंग देती है. हो सकता है कि आपको यह सुनकर हैरानी हो कि एक चीते की सुरक्षा कुत्ता कैसे करेगा. कुत्तों के ट्रेनर और पहले फॉरेस्ट गार्ड रह चुके संजीव सिंह और उनके साथी मोहम्मद रशीद कहते हैं कि हमने स्मगलर और शिकारियों को कई सालों तक देखा है.
प्रशिक्षित कुत्तों की मदद से हम शिकारियों को भगा सकते हैं. जंगल में जहां देखना मुश्किल होता है, वहां पर कुत्ते शिकारियों को सूंघ लेंगे. इसलिए हम इन कुत्तों को अलग-अलग जानवरों की खालों को सुंघा रहे हैं. शिकारी जिन जानवरों का शिकार करते हैं, उन्हें अपने साथ लेकर जाते हैं. जैसे ही जानवर की बू कुत्ते को लगेगी, वो तुरंत अलर्ट कर देगा.