भोपाल: केंद्र सरकार के नेशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर पाईपलाईन पोर्टल पर मप्र के जल संसाधन विभाग की कुल 107 परियोजनायें दर्ज होंगी। इसके लिये सभी मुख्य अभियंताओं को इन परियोजनाओं की अपडेट जानकारी देने के निर्देश प्रमुख अभियंता जल संसाधन विनोद कुमार देवड़ा ने जारी किये हैं।
क्या है यह पोर्टल :
केंद्र सरकार ने नेशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर पाईपलाईन के अंतर्गत 102 लाख करोड़ रुपए की आधारभूत परियोजनाओं की घोषणा की है। इन परियोजनाओं को अगले पांच वर्षों में वर्ष 2030 तक लागू किया जाएगा। वर्ष 2020 से 2025 के दौरान भारत में बुनियादी ढांचे पर अनुमानित पूंजीगत व्यय का लगभग 70 प्रतिशत व्यय होगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र और राज्य दोनों से 39-39 प्रतिशत वित्त प्राप्त किया जाएगा और निजी क्षेत्र से 22 प्रतिशत वित्त प्राप्त किया जाएगा।
यह अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत को अपनी विकास दर को बनाए रखने के लिये वर्ष 2030 तक बुनियादी सुविधाओं पर 4.5 ट्रिलियन डॉलर खर्च करने की आवश्यकता होगी। नेशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर पाईपलाईन का कार्य इसे एक कुशलतम तरीके से संभव बनाना है।
इस कार्यक्रम से बेहतर नियोजित से आधारभूत परियोजनाओं को अधिक सक्षम करने, कारोबार में वृद्धि, रोजगार सृजन, जीवनयापन में सुगमता और बुनियादी ढांचे तक सभी को न्यायसंगत पहुंच प्रदान करने जैसे अनेक फायदे होंगे जिससे विकास को और अधिक समावेशी बनाने में मदद मिलेगी।