रीवा में शुक्रवार रात हुए एक बड़े सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सुहागी पहाड़ी के पास एक तेज़ रफ़्तार बस ट्रॉले से जा टकराई। हादसे में 40 लोग घायल हुए हैं। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। सभी मृतक और घायल उत्तरप्रदेश के हैं और दिवाली पर घर जा रहे थे। 

बस और ट्रॉले की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार 12 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। इलाज के दौरान तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया। बस में करीब 70 से अधिक यात्री सवार थे। घायलों में ज्यादातर लोग मजदूर हैं। सभी दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे। हादसा रीवा के नजदीक नेशनल हाईवे-30 पर हुआ। सोहागी पहाड़ी से उतरते समय बस आगे जा रहे ट्रेलर में घुस गई। 

हादसे पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अफ़सोस जताया है। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने आज सुबह यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की और उन्हें घटना से अवगत कराया है। 

https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1583663865078087680?s=20&t=VSKS0DTvBwePFPVZgRxJuA

सीएम शिवराज सिंह ने भी घटना पर शोक जताते हुए घायलों के इलाज का खर्च उठाने की बात की है। उन्होंने ट्वीट किया, “रीवा में हैदराबाद से गोरखपुर जा रही यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ था। इस अत्यंत हृदय विदारक घटना में दिवंगत आत्माओं के प्रति मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

सीएम शिवराज ने लिखा कि दुर्घटना में घायलों के उपचार का खर्चा मध्य प्रदेश सरकार वहन करेगी। मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्रारंभिक उपचार के बाद बस द्वारा प्रयागराज रवाना कर दिया गया है। पार्थिव देह को ससम्मान प्रयागराज भेजा जा रहा है। इस दुःखद परिस्थिति में हम मृतकों के परिजनों के साथ खड़े हैं।

वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एमपी के सीएम से घायलों का बेहतर इलाज किए जाने का निवेदन किया है और मृतकों के पार्थिव शरीरों को उत्तर प्रदेश तक पहुंचाने की भी बात की है। एमपी सरकार मृतकों के पार्थिव शरीर को यूपी के प्रयागराज भेजेगी।

पीएम मोदी ने जताया शोक-

पीएम मोदी ने घटना पर शोक जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के रीवा में नेशनल हाइवे पर हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है। इस दुःख की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ हैं इसलिए प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। 

साथ ही सीएम योगी ने भी सहायता राशि का ऐलान करते हुए बताया कि प्रदेश निवासी दिवंगतों के परिजनों को 02-02 लाख व गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।