MP News: मध्य प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में सोमवार को उस समय बवाल मच गया, जब दिग्विजय सिंह और कमलनाथ समर्थक दो नेता आपस में ज़ोरदार तरीके से भिड़ गए. इस दौरान जमकर गालीगलोच और धक्कामुक्की भी हुई. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
यह विवाद सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में हुआ. दरअसल, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शहरयार खान और अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार के बीच किसी बात को लेकर अचानक झूमाझटकी शुरू हो गई. दोनों नेताओं ने एक दूसरे के साथ धक्कामुक्की करते हुए गाली गलोच शुरू कर दी. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि इस दौरान कांग्रेस के अन्य नेता दोनों को रोकने का प्रयास कर रहे हैं. घटना के बारे में मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दिग्विजय सिंह को अपशब्द कहने के कारण ये पूरा विवाद शुरू हुआ था.
नरेंद्र सलूजा ने कांग्रेस पर साधा निशाना-
वायरल वीडियो के ज़रिये कांग्रेस को घेरते हुए बीजेपी प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, कांग्रेस की जूतम पैजार, हाथापाई, गालीगलोच वाली संस्कृति एक बार फिर उजागर. पीसीसी में जमकर हुई गालीगलोच, अंदर कुर्सियाँ तक चली. मामला दिग्विजय सिंह को गाली बकने का. कमलनाथ समर्थक अनुसूचित जाति के नेता प्रदीप अहीरवार को दिग्विजय समर्थक कांग्रेस के प्रवक्ता शहरयार ख़ान ने पीसीसी में खुलेआम बकी गालियाँ और धमकाया. अंतर्कलह , झगड़े जारी.
वहीं, एक दूसरी पोस्ट में नरेंद्र सलूजा ने लिखा कि कमलनाथ जी समर्थक द्वारा दिग्विजय सिंह जी को गाली बकने को लेकर पीसीसी में जमकर चले लात-ठूँसे. कुर्सियाँ चली, जमकर एक दूसरे को गालियाँ बकी गई. बीचबचाव करने आये कमलनाथ समर्थक एक नेता को भी लात-ठूँसें पड़े.