भोपाल: मप्र विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई, 2026 से प्रारंभ हो रहा है। इस सत्र हेतु स्थगन प्रस्ताव, ध्यान आकर्षण एवं शून्यकाल की सूचनाएं ऑफ लाईन/ऑन लाईन (ई-मेल आईडी पर) 14 जुलाई, 2026 से विधानसभा भवन में प्राप्त की जायेंगी। इसकी सूचना विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविन्द शर्मा ने सभी विधायकों को जारी कर दी है। जारी सूचना में कहा गया है कि सत्र के प्रथम दिवस की बैठक हेतु उपर्युक्त सूचनाएं 14 जुलाई, 2026 से 17 जुलाई, 2026 तक पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक प्राप्त की जायेंगी। 

तत्पश्चात विधानसभा बैठक के दिनों में सूचनाएं लेने का समय प्रातः 8 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक या सभा की बैठक समाप्ति तक रहेगा। प्रथम दिवस की बैठक हेतु सूचनाओं के लिए विधानसभा भवन के मुख्य द्वार पर सूचना देने वाले विधायकों, तदनंतर उनके द्वारा अधिकृत व्यक्तियों को उपस्थित मार्शल द्वारा क्रमानुसार टोकन उपलब्ध कराये जायेंगे। मुख्य द्वार पर उपस्थित टोकनधारियों को सूचना देने हेतु भीतर जाने की अनुमति निर्धारित समय से 15 मिनट पूर्व दी दी जाएगी।

प्राप्त टोकन पर अंकित क्रमानुसार विधानसभा भवन स्थित कक्ष क्रमांक 202 (प्रथम तल) में अपर सचिव या उपस्थित अधिकारी द्वारा सूचना प्राप्त की जायेंगी।

ई-मेल आईडी से भी भेजी जा सकेगी सूचना

इस व्यवस्था के साथ- साथ विधायकों द्वारा सूचनाऐं विधानसभा के ई-मेल आईडी पर वैकल्पिक तौर पर भी भेजी जा सकेंगी। कोई भी विधायक किसी एक बैठक के लिए स्थगन प्रस्ताव की एक से अधिक सूचना नहीं देगा। प्रारंभिक दिनों में जो विधायक एक से अधिक बैठकों की सूचनाएं एक साथ देना चाहेंगे, उन्हें ऐसी सूचनाओं में विषय का तिथिवार प्राथमिकता क्रम भी दर्शाना होगा। इसी प्रकार, कोई विधायक एक बैठक के लिए दो से अधिक ध्यान आकर्षण की सूचनाएं नहीं दे सकेगा। किसी सूचना पर एक से अधिक सदस्यों के हस्ताक्षर होने की दशा में यह समझा जायेगा कि ऐसी सूचना केवल प्रथम हस्ताक्षरकर्ता द्वारा दी गयी है।