रीवा में महापौर पद पर मिली हार के बाद भाजपा ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। सोमवार को भाजपा ने 6 निर्दलीय पार्षदों को अपने पाले में कर लिया। पूर्वमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इन पार्षदों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसके साथ ही सदन पर कब्जा करने के कांग्रेस के मंसूबों पर पानी फिर गया।
नगर निगम में अभी तक भाजपा के 18 और कांग्रेस के 16 पार्षद थे। 11 निर्दलीय पार्षद चुनकर सदन पहुंचे थे। 6 निर्दलियों के आने के बाद भाजपा पार्षदों की संख्या 24 हो गई है और अब स्पीकर भी भाजपा का चुना जाना तय हो गया है।
बड़ी बात यह है कि जब यह छह पार्षद भाजपा में शामिल हो रहे थे उस समय नवनिर्वाचित महापौर अजय मिश्रा और कांग्रेस पार्षदों का स्वागत समारोह चल रहा था और भाजपा की सेंधमारी की कांग्रेस को कानो कान खबर भी नहीं हुई।
पूर्वमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने इन निर्दलीय पार्षदों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। भाजपा में शामिल होने के बाद पार्षदों का कहना था कि हम भाजपा की विकास की राजनीति के चलते पार्टी में शामिल हुए हैं।