भोपाल: राज्य सरकार ने राजधानी भोपाल में पर्यावरण वानिकी वनमंडल नाम से नया वनमंडल गठित कर दिया है। यह प्रदेश का 64वां वनमंडल हो गया है।

दरअसल भोपाल में पहले राजधानी परियोजना प्रशासन था जिसका विघटन कर दिया गया है तथा भोपाल में इसके अंतर्गत आने वाले उद्यानों को वन विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया है। इसीलिये यह नया वनमंडल गठित किया गया है।

भोपाल में गठित पर्यावरण वानिकी वनमंडल के लिये 38 पद भी वित्त विभाग की सहमति से स्वीकृत किये गये हैं। इनमें शामिल हैं : सीसीएफ/सीएफ का एक पद, अनुविभागीय अधिकारी के दो पद, वनक्षेत्रपाल एवं उप वनक्षेत्रपाल के 4-4 पद, वन रक्षक के 22 पद, सहायक ग्रेड-एक का एक पद, लेखापाल का 1 पद, सहायक ग्रेड-3 के 2 पद एवं वाहन चालक का एक पद।

उल्लेखनीय है कि वन विभाग में अब तक 16 वनवृत्तों में 63 वनमंडल हैं जिसमें भोपाल वनवृत्त के अंतर्गत पर्यावरण वानिकी वनमंडल और जुड़ गया है। अभी छतरपुर वन वृत्त के अंतर्गत निवाड़ी वनमंडल का भी गठन होना है जिससे कुल वनमंडलों की संख्या बढक़र 65 हो जायेगी।