टाइगर 3' के बाद अब इंडस्ट्री की नजरें और बॉक्स 'ऑफिस की आस 'एनिमल' और 'डंकी' से लगी हुई हैं। फिल्म 'डंकी' में शाहरुख खान के साथ तापसी पन्नू, विक्की कौशल, बोमन ईरानी, विक्रम कोचर और धर्मेंद्र समेत कई एक्टर्स नजर आएंगे। फिल्म में एक्टर अजय कुमार ने भी अहम किरदार निभाया है।

 अजय के मुताबिक शाहरुख ने इस फिल्म को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया। एक सीन पर तो वो लगातार छह घंटे तक काम करते रहे। अजय ने यह भी क्लीयर किया कि शाहरुख फिल्म में 3 से 4 अलग लुक में नजर आएंगे। 

अजय ने बताया, 'पहले दिन मैं दिल्ली से सीधा मुंबई सेट पर पहुंचा। मैं सुबह 10 से 11 बजे के बीच वहां पहुंचा था। शाहरुख भी एकाध घंटे बाद सेट पर आ गए। फिर उन्होंने लगातार छह घंटे शूटिंग की। वहीं सितारों के बारे में कहा जाता है कि सेट पर शूट ब्रेक होते ही वो अपनी वैनिटी में चले जाते हैं या आराम करने लगते हैं। शाहरुख वैसे बिल्कुल नहीं हैं। वो शूट ब्रेक के दौरान आराम करने के बजाय रिहर्सल करते थे। 

फिल्म में मेरे और शाहरुख के बीच का कम्यूनिकेशन सीन महज ढाई मिनट का है। मगर वह सीन बेहतरीन लगे इसके लिए शाहरुख ने करीबन 6 घंटों तक मेहनत की इस एक सीन के लिए वो शाम 7 बजे तक शूट करते रहे। यकीन मानिए अगर एक कट से दूसरे कट के बीच में 10 मिनट के लिए लाइट चेंज हो रही है तब भी वो 10 मिनट के लिए बैठते नहीं थे, रिहर्सल करते रहते थे। 

उस ढाई मिनट के एक सीन के लिए उन्होंने मेरे साथ कम से कम 20 से 25 बार रिहर्सल की है। और तो और इतनी रिहर्सल के बाद इस सीन को 25 बार अलग-अलग वैरिएशन में शूट भी किया। वो पूरी तरह समर्पित होकर काम करते हैं।' फिल्म डंकी 21 दिसंबर को थिएटर्स में रिलीज होगी।