मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंह नगर वन परिक्षेत्र के कार्की सर्कल के घियार बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी-341 में बाघ के हमले से 9 साल की बच्ची पूनम सिंह की मौत हो गई। इस इलाके में पिछले कुछ दिनों से बाघों की आवाजाही चल रही थी।

बच्ची अपनी दादी और बहनों के साथ खेत की कटाई के लिए आई थी। इसी बीच बच्ची को उसकी दादी और बहनों के सामने ही एक बाघ अपने जबड़े में दबाकर ले गया परिजन बच्ची को बचाने के लिए मदद की गुहार लगाते रहे। जिसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के हमले के बाद बाघ बच्ची को छोड़कर भाग गया। लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और आतंक का माहौल है।