कॉमेडियन और अभिनेता वीर दास अपने ही कॉमेडी से ज्यादा विवादित बयानों की वजह से चर्चा में बने रहते हैं। अब एक बार फिर वह भारत में महिलाओं की स्थिति पर अपने बयान को लेकर संकट में हैं। दरअसल, वाशिंगटन डीसी में जॉन एफ कैनेडी सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स में अपने प्रदर्शन का एक वीडियो यूट्यूब पर शेयर करने के बाद आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं।

छह मिनट के इस वीडियो में, वीर दास देश के लोगों के दोहरे चरित्र के बारे में बात करते हैं जिसमें वह अपनी कॉमेडी के हिस्से के रूप में कोविड -19 महामारी, बलात्कार की घटनाओं और हास्य कलाकारों के खिलाफ कार्रवाई से लेकर किसान विरोध तक के मुद्दों को उठाते हैं।

वीर दास ने वीडियो में कहा, 'मैं भारत से हूं जहां हम दिन में महिलाओं की पूजा करते हैं और रात में उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म करते हैं। दास ने पीएम मोदी को भारतीय संघ के लिए सबसे बड़ा खतरा भी बताया।

अपमानजनक शब्दों के कारण वीर दास को अब विरोध का सामना करना पड़ रहा है। लोग उन्हें 'देशद्रोही' कह रहे हैं। वीर दास के खिलाफ मुंबई में एफआईआर दर्ज की गई है। इतना ही नहीं बीजेपी एक्टिविस्ट प्रीति गांधी ने भी इस वीडियो को शेयर कर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने लिखा कि देश के बारे में यह बयान घृणित और बकवास है। बयान को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट के वकील आशुतोष जे. दुबे ने कॉमेडियन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसकी एक कॉपी उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की।

अपने खिलाफ कार्रवाई और जनता के आक्रोश का सामना कर रहे वीर दास ने सोशल मीडिया पर सफाई दी है। उन्होंने एक पोस्ट लिखा जिसमे लिखा है कि, उनका इरादा देश का अपमान करना नहीं था, बल्कि यह याद दिलाना था कि देश तमाम मुद्दों के बाद भी महान है। वीडियो एक ही विषय पर दो अलग-अलग राय रखने वाले लोगों के बारे में है और यह कोई रहस्य नहीं है जिसे लोग नहीं जानते हैं।