मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कई तरह के नवाचार दिखाई दे रहे हैं। इस सिलसिले में मतदान के लिए पिंक मतदान केन्द्र के बाद अब मंदसौर जिले में पहली बार पिंक मतगणना केन्द्र का नवाचार किया जा रहा है। पिंक मतगणना केन्द्र पर तीन दिसंबर को मतों की गिनती की जिम्मेदारी महिला कर्मियों के हाथ में रहेगी।
इस मतगणना केन्द्र पर महिला पर्यवेक्षक, महिला माइक्रो आब्जेवर, गणना सहायक, डाक मतपत्र गणना समेत सभी महिला कर्मचारी होंगे। मतगणना के लिए यहां 275 महिला कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है जो मतगणना का पूरा काम देखेंगी। मंदसौर इकलौता जिला है जहां पिंक मतगणना केन्द्र बनाया गया है।
पिंक मतगणना केन्द्र इस नवाचार की पहल मंदसौर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार यादव ने की है। इसके लिए महिला कर्मचारियों की सूची फाइनल होने के बाद प्रशिक्षण दिया गया।