चंडीगढ़ की तर्ज पर ही कानपुर में भी छात्रों के अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। एक सफाई कर्मचारी ने हॉस्टल में रह रही छात्राओं का अश्लील वीडियो बनाया है, जिसके बाद छात्राओं ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है, कि कानपुर में इस हॉस्टल में सफाई कर्मी को वीडियो बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। घटना यहां तुलसी नगर इलाके के एक गर्ल्स हॉस्टल की है जहां पर मेडिकल की छात्राएं रहती हैं। 

इसके बाद छात्राओं ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उक्त सफाईकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया। कहा जा रहा है, कि गुरुवार को एक छात्रा ने एक कर्मचारी को चोरी-छिपे वीडियो बनाते देखा इसके बाद छात्रा ने उसका फोन छीन लिया। छात्रा ने फोन पर ऐसे ही कई और वीडियो देखे जिसके बाद इस घटना की शिकायत नजदीकी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। इलाके के एसीपी ने बताया कि छात्राओं की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस बारे में एक छात्रा ने पुलिस को बताया कि बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था और दूसरी ओर से आरोपी मोबाइल अंदर डालकर वीडियो बना रहा था। तभी दूसरी छात्राओं ने उसे पकड़ लिया। इस पूरे मामले में छात्राओं का कहना है कि उन्होंने कई बार छात्रावास के वार्डन से इस बारे में शिकायत की। लेकिन वार्डन ने कार्रवाई करने के बजाय उनके ही चरित्र पर उंगलियां उठानी शुरू कर दीं। 

गौरतलब है कि पिछले दिनों चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था। जहां 60 से ज्यादा छात्राओं का नहाने का वीडियो वायरल हुआ था। इस आरोप में हिमाचल पुलिस ने आरोपी लड़की और दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला उजागर होने के बाद जमकर बवाल हुआ था।