जबलपुर पुलिस ने मेखला रिसोर्ट में प्रेमिका की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने राजस्थान के सिरोही से गिरफ्तार किया है, जिसका वीडियो 8 नवंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 1 लाख 52 हजार 450 रुपये, मृतक का मोबाइल फोन, मृतक का एटीएम कार्ड, चेन, कान की बालियां बरामद की हैं। आरोपी अभिजीत पाटीदार के नाम से फर्जी आईडी दिखाकर मेखला रिजॉर्ट में रह रहा था। जबकि उसका असली नाम राजेंद्र भदाने है और वह महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में 37 और जबलपुर में एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया है, कि उन्होंने आरोपी का लगातार 4 दिनों तक 3500 किमी तक पीछा किया और राजस्थान के रेवाड़ी, ऊना, चंडीगढ़ और अलवर, अजमेर तक तलाषी की। इसके बाद आरोपी को सिरोही से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि साइबर सेल के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने की हर संभव कोशिश की गई। आरोपी लगातार अपनी जगह बदल रहा था, पिछले 10 दिनों में लगभग 4000 किमी की दूरी पर एक राज्य से दूसरे राज्य में भाग रहा था और अपनी प्रेमिका के एटीएम से प्रति दिन 20 हजार रुपये निकाल रहा था।
दरअसल, मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया जहां एक लड़की को उसके प्रेमी ने कथित तौर पर बेवफाई के लिए मार डाला था। हत्या के बाद से आरोपी फरार था। वीडियो में, आरोपी ने अपना नाम अभिजीत पाटीदार बताया और रिसोर्ट के कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ युवती के साथ देखा गया था। साथ ही वीडियो में आरोपी 'बेवफाई नहीं करने का' कह रहा था।
लड़की की पहचान शिल्पा झारिया के रूप में हुई थी। बताया जा रहा है, कि वह जबलपुर जिले के कुंडम इलाके की रहने वाली थी और 8 नवंबर को रिजॉर्ट में मृत पाई गई थी। वीडियो में आरोपी चादर उठाता है और बिस्तर पर पड़ी मृत लड़की का चेहरा दिखाते हुए उससे 'धोखा मत दो' कहता है। जिसके बाद उसने एक और वीडियो जारी करके हत्या करने वात कबूली थी।