फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल शनिवार की सुबह उज्जैन पहुंचे। अभिनेता ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में भी शामिल हुए। भस्म आरती के दौरान अर्जुन ने बाबा महाकाल के निराकार से साकार रूप को देखा और बाबा महाकाल की भक्ति में लीन हो गए।
महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी ने बताया कि फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल ने करीब 2 घंटे तक नंदी हॉल से बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए।
पुजारी ने बताया कि अभिनेता अर्जुन रामपाल ने चांदी गेट पहुंचकर बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया। बाबा महाकाल की पूजा करते हुए अर्जुन रामपाल ओम नमः शिवाय और जय श्री महाकाल का जाप करते नजर आए। पूजा के दौरान उन्होंने माथे पर तिलक लगाया और जय श्री महाकाल का गमछा भी पहना। इसके अलावा उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद नंदी के कान में अपनी इच्छा भी कही।
बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद अभिनेता अर्जुन रामपाल ने मीडिया से कहा, "मैंने जितना सुना था, उससे कहीं ज्यादा मुझे यहां देखने को मिला।" बाबा महाकाल के निराकार से साकार रूप के दर्शन कर मैं धन्य हो गया। भस्म आरती मनुष्य और ईश्वर का मिलन है। इसे देखने से और यहां उत्पन्न होने वाली शुभ ध्वनियां सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं।
मैंने बाबा महाकाल से एक मनोकामना की है, जैसे ही यह मनोकामना पूरी होगी, मैं यथाशीघ्र बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आऊंगा। उन्होंने अपने आगामी प्रोजेक्ट के बारे में मीडिया से कोई चर्चा नहीं की। सिर्फ जय श्री महाकाल कहा और आगे बढ़ गए। बताया जा रहा है कि अर्जुन रामपाल आज पहली बार धार्मिक नगरी उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे थे।