Aditya Singh Rajput Death: एक्टर और चर्चित मॉडल आदित्य सिंह राजपूत की कल (22 मई) संदेहास्पद मौत हो गई थी. मुंबई के अंधेरी में 11वीं मंजिल पर वॉशरूम में उनकी लाश मिली थी. अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
हालांकि, मौत के पीछे ड्रग्स के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है. आदित्य के दोस्त ने उन्हें मुंबई में अपने 11वीं मंजिल के घर में मृत पाया था. उन्हें नज़दीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही आदित्य की मौत हो चुकी थी.
आदित्य के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में सन्नाटा पसरा हुआ है. फ़िलहाल मिल रहीं ताज़ा जानकारी के अनुसार, आदित्य सिंह की मृत्यु के मामले में ओशिवारा पुलिस ने उनके नौकर, निजी डॉक्टर और चौकीदार के बयान दर्ज किए है.
उनकी मां सुबह ही दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना हो चुकी हैं. मौत के कारणों का पता लगाने के लिए ओशिवारा पुलिस जांच में जुटी हुई है. उनका पोस्टमार्टम आज सुबह करीब 11 बजे किया गया.
अब परिवार की सहमति के बाद आज ही अंतिम संस्कार भी किया जाएगा. बता दें कि आदित्य सिंह राजपूत मूलरूप से दिल्ली के रहने वाले थे. आदित्य राजपूत फिल्म इंडस्ट्री से अच्छे से जुड़े हुए थे और कई एक्टर्स के साथ कई ब्रांड्स के लिए काम कर चुके थे.
उन्होंने लगभग 300 टीवी विज्ञापन और स्प्लिट्सविला जैसे रियलिटी शो किए थे. आदित्य सिंह ने मौत से पहले इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट की थी, इन तस्वीरों से जाहिर होता है कि निधन के कुछ घंटे पहले पार्टी कर रहे थे.