दूरदर्शन के चर्चित धारावाहिक ‘नुक्कड़’ में खोपड़ी का किरदार निभा कर घर में मशहूर हुए एक्टर समीर खखर का निधन हो गया है। 71 वर्ष की उम्र में समीर खखर ने अंतिम सांस ली। वे लम्बे समय से सांस की बीमारी से पीड़ित थे।
समीर खखर के छोटे भाई गणेश खखर ने बताया कि उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। इसके बाद वे अस्पताल में भर्ती थे। बुधवार सुबह उनका निधन हो गया। उनके निधन से टीवी जगत में शोक छा गया।
समीर ने छोटे-छोटे किरदारों से की दर्शकों के दिलों में जगह बनाई थी। सबसे ज्यादा प्रसिद्धि उन्हें धारावाहिक नुक्कड़ में खोपड़ी के किरदार से मिली थी। एक समय के बाद समीर खखर ने सिनेमा की दुनिया को अलविदा कह दिया था और अमेरिका में शिफ्ट हो गए थे।
समीर खखर ने टीवी शो 'श्रीमान श्रीमति' के अलावा 'परिंदा' , सलमान खान अभिनीत 'जय हो', सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा की 'हंसी तो फंसी', सुधीर मिश्रा द्वारा निर्देशित 'सीरियस मेन' जैसी फिल्मों में भी काम किया। विकास बहल की वेब-सीरीज़ 'सनफ्लावर' में भी वे नज़र आये थे।