इंदौर. इंदौर एकाएक फिल्मी सितारों से जगमगा उठा। करण मल्होत्रा की फिल्म 'शमशेरा' के प्रमोशन के लिए अभिनेता संजय दत्त, रणबीर कपूर के साथ-साथ अभिनेत्री वाणी कपूर और डायरेक्टर करण मल्होत्रा के साथ इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर तीनों एक्टर्स के चाहने वालों की भीड़ लग गई। अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने को फैंस बेताब नजर आए। जब शमशेरा की टीम एयरपोर्ट पहुंची तो फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया।

अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शमशेरा की पूरी टीम इंदौर के एमजी रोड स्थित ट्रेजर आइलैंड मॉल पहुंची। यहां उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्म का खूब प्रमोशन किया। सभी कलाकरों में संजय दत्त को देखने वालों की दीवानगी सिर चढ़कर बोलती दिखाई दे रही थी। 

मीडिया से बातचीत के दौरान कलाकारों ने फिल्म से जुड़े अपने अपने किरदारों और फिल्म के कांसेप्ट पर चर्चा की। इस दौरान अभिनेता संजय दत्त ने कहा, 'इस फिल्म में मेरा किरदार नेगेटिव है। मैंने इसमें विलेन का रोल निभाया है।' उन्होंने ये भी कहा कि, जिस जिस मूवी में मैने नेगेटिव रोल प्ले किया है वो फिल्म जरूर हिट हुई है और इसका पूरा श्रेय डायरेक्टर को जाता है, क्योंकि वो मुझसे काम करवाते हैं. मैं भी समर्पित होकर उस काम को कर देता हूं। जिंदगी के सफर में मैंने कई उतार-चढ़ाव देखे। कई बार गिरकर उठा हूं। कई बार टूट कर भी बना। जीवन के पूरे सफर में मेरी सबसे बड़ी ताकत मेरे माता-पिता रहे। 

इस दौरान संजय दत्त ने यह भी कहा कि, 'मैं भोले बाबा का भक्त हूं, इसलिए सब तकलीफ से बाहर निकलकर फिर खड़ा हो जाता हूं।'दूसरी तरफ रणबीर कपूर ने शमशेरा के बारे में चर्चा करते हुए बताया कि, 'फिल्म में वे डबल रोल की भूमिका निभाते नजर आएंगे। बाप-बेटे के रोल में दिखेंगे।' संजय दत्त के साथ काम करने को लेकर रणबीर ने कहा, 'मेरा सौभाग्य है कि, मुझे संजू बाबा के साथ काम करने का मौका मिला। बचपन से ही मैं संजय दत्त का बड़ा फैन हूं। घर में उनके कई फोटो भी लगा रखे थे। 

फैन होने की वजह से ही मुझे उनकी बायोपिक में काम करने का मौका मिला। संजू बाबा बेमिसाल हैं. इसका उदाहरण ये है कि उनके फैन्स की दीवानगी जो शुरु में देखने को मिलती थी, वैसी ही आज भी देखने को मिल रही है। यह बड़ी खुशनसीबी है, क्योंकि सभी एक्टर्स को फैन्स से इतना प्यार नहीं मिल पाता। इस दौरान फिल्म शमशेरा का टीजर भी रिलीज किया गया। फिल्म में संजय दत्त विलेन का और अभिनेता रणबीर कपूर डाकू का किरदार निभाते नजर आएंगे। बता दें कि अब ये फिल्म जुलाई 2022 में रिलीज होने जा रही है।