'ये रिश्ता क्या कहलाता है' जैसे पॉपुलर सीरियल में काम कर चुकीं मशहूर टीवी एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर ने फांसी लगाकर जान दे दी। वैशाली ठक्‍कर पिछले एक साल से इंदौर में रह रही थीं। यहीं उन्होंने सुसाइड किया है।

बताया जा रहा है कि तेजाजी नगर पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है और शुरुआती जांच के आधार पर इसे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। 

बता दें कि सुसाइड नोट की जानकारी भी अब सामने आ गई है। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, वैशाली पिछले काफी समय से तनाव में थी। इसका जिक्र उन्होंने अपने सुसाइड नोट में किया है। नोट में यह भी कहा गया है कि उनका पूर्व प्रेमी उन्हें परेशान कर रहा था।

जबकि उनके एक्स बॉयफ्रेंड का नाम अभी सामने नहीं आया है, वहीं पिछले साल अप्रैल में वैशाली ने फैंस को जानकारी दी थी कि उन्होंने सगाई कर ली है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपने सगाई समारोह का एक वीडियो साझा किया था और अपने होने वाले पति के नाम का भी खुलासा किया था। फ़िलहाल पुलिस अब इस सुसाइड नोट के आधार पर जांच में जुट गई है।

वैशाली ने 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' सीरीयल में संजना का कैरेक्टर निभाया था। संजना की भूमिका से उन्हें काफी पहचान मिली थी। संजना ने इसके बाद 'ससुराल सिमर का' में अंजलि का रोल निभाया था। वैशाली को बेस्ट एक्ट्रेस इन निगेटिव रोल का सम्मान भी गोल्डन पेटल अवार्ड में मिल चुका है।

टीवी सीरीयल के अलावा वैशाली ने कुछ फिल्मों में भी काम किया था। बताया जाता है कि उनका परिवार उज्जैन के पास महिदपुर का रहने वाला है, लेकिन वैशाली इंदौर में ही पली-बढ़ी थीं। एक्टिंग को लेकर उनका आकर्षण बचपन से ही रहा था।