उड़िया अभिनेत्री और गायिका रुचिस्मिता गुरु अपने रिश्तेदार के घर मृत पाई गई हैं। जानकारी के मुताबिक एक्ट्रेस की लाश एक कमरे में फंदे से लटकी मिली थी। बताया जा रहा है कि परिवार ने एक्ट्रेस की आंखें डोनेट की हैं। मृतक के परिजनों ने बलांगीर भीमा भोई मेडिकल कॉलेज को नेत्रदान किया है।
रुचिस्मिता कई म्यूजिक एल्बम कर चुकी हैं, वे हाल ही में बलांगीर में अपने अंकल के घर गई थीं। वहां उन्होंने आत्महत्या कर ली। परिजनों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया, लेकिन बताया जा रहा है कि देर रात होने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका।
मामले में पुलिस परिवार से पूछताछ कर रही है और मौत के संदिग्ध कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अभी तक इस बात का पता नहीं चल पाया है कि एक्ट्रेस ने ये कदम क्यों उठाया। वहीं आसपास के लोगों के मुताबिक परिवार में किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था, जिसके बाद एक्ट्रेस ने सुसाइड कर लिया।
आपको बता दें कि इससे पहले भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे भी वाराणसी के एक होटल में मृत पाई गई थीं। एक्ट्रेस ने आत्महत्या की और मरने से पहले वह सोशल मीडिया पर लाइव हुई थीं और फूट-फूट कर रोई थीं। अब परिवार ने एक्ट्रेस की मौत के लिए उनके कथित बॉयफ्रेंड को जिम्मेदार बताया है।