दीपावाली के साथ ही राजधानी भोपाल में मौसम में सर्दी भी बढ़ गई है। हवा का रुख भी अब सेट होने लगा है। ऐसे में आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ने की संभावना है। इस समय दिन में तेज धूप खिल रही है, ऐसे में लोगों को सुबह, शाम और रात को ठंड का अहसास होने लगा है। इस समय मौसम शुष्क है और पूरे सप्ताह मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है। करीब 5 दिनों के बाद तापमान में तेज गिरावट के साथ तापमान और कम होने की संभावना है।

शहर में इन दिनों मौसम सुहाना यानि कि नर्म-गर्म बना हुआ है। दिन में सूरज ढलने लगा है और लोगों को रात में ठंड का अहसास होने लगा है। अब लोग रात में स्वेटर पहनकर घूमते नजर आ रहे हैं। सुबह से ही शहर के कई इलाकों में हल्का कोहरा, कोहरा आदि दिखना शुरू हो गया है। दीपावली की रात शहर की सबसे सर्द रात रही थी। इस बीच, न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया, हालांकि बुधवार को जहां अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की वृद्धि हुई, वहीं न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री से अधिक की वृद्धि हुई। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री, जबकि मंगलवार को अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों का कहना है, कि अभी मौसम शुष्क है। कोई बड़ी प्रणाली सक्रिय नहीं है। वर्तमान में हवा की दिशा उत्तर और उत्तर पश्चिम है। फिलहाल तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। अगले पांच दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के दायरे में रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।