उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के बाद अब कर्णप्रयाग में भी भू-धसाव शुरू हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक कर्णप्रयाग नगर पालिका के बहुगुणा नगर में मौजूद करीब 50 घरों में दरार देखी जाने लगी है। अब कर्णप्रयाग के लोगों ने भी प्रदेश सरकार से मदद की गुहार लगाई है। 

 


जोशीमठ में भू धसाव के बीच सरकार ने कई परिवारों को अस्थाई जगह पर शिफ्ट कर दिया है। पीएम के प्रधान सचिव डॉ पीके मिश्रा आज दोपहर PMO में कैबिनेट सचिव, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्यों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इसमें जोशीमठ के जिला पदाधिकारी और उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भी फोन पर बात कर हालात के बारे में जानकारी हासिल की है। 


जोशीमठ के लिए 11 करोड़ रुपए की राहत राशि की मंजूरी दी गई है। 
उत्तराखंड सरकार ने सुरक्षा और बचाव कार्यों के लिए चमोली जिले को 11 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है। जोशीमठ के 4 वार्डों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है और तत्काल इस इलाके को खाली करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं इस इलाके में मौजूद 2 होटल माउंट व्यू व मलारी इन भी बंद कराए गए हैं।