टीवी एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी ने दुनिया को अलविदा कह दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग उन्हें लगातार याद कर रहे हैं। इसी बीच उनका एक आखिरी पोस्ट भी वायरल हो रहा है। जब से टीवी अभिनेता सिद्धांत वीर सूर्यवंशी के निधन की खबर आई है, तब से इंडस्ट्री में मातम छाया हुआ है।

11 नवंबर को जिम में वर्कआउट के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बची। महज 46 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। इस समय हर कोई सोशल मीडिया पर सिद्धांत की मौत को लेकर अपना दुख जाहिर कर रहा है। इस बीच एक्टर का आखिरी पोस्ट भी वायरल हो रहा है।

अपनी मौत से करीब 5 हफ्ते पहले सिद्धांत वीर सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की थी। जिसमें सिद्धांत ने इम्युनिटी और न्यूट्रिशन के बारे में बात की थी और लिखा, 'मेरी 3 पसंदीदा जरूरी चीजें... हर दिन...कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैं कहां हूं। काम पर या घर पर'। इसके साथ उन्होंने एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वह लैपटॉप पर काम करते नज़र आ रहे हैं। वहीं उनके सामने टेबल पर हेल्थ प्रोडक्ट्स के कई पैकेट नजर आ रहे हैं।

सिद्धांत वीर सूर्यवंशी ने करीब 21 साल पहले टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा था और एक मॉडल के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। मॉडलिंग के क्षेत्र में अच्छा नाम कमाने के बाद उन्होंने टीवी की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने 'सूफियाना इश्क मेरा', 'जिद्दी दिल माने ना', 'वारिस', 'सात फेरे: सलोनी का सफर', 'कुसुम' और 'कसौटी जिंदगी की' जैसे कई शोज में काम किया।

सिद्धांत अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। उन्होंने दो शादियां की थीं। उनकी पहली शादी इरा नाम की लड़की से हुई थी। हालांकि, साल 2015 में उनका रिश्ता टूट गया। इसके बाद सिद्धांत ने एलेसिया नाम की रशियन मॉडल से शादी कर ली। सिद्धांत की पहली शादी से एक बेटी और दूसरी शादी से एक बेटा है।