भोपाल: राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा यानि आईएएस अधिकारियों को नवीन सुविधा प्रदान की है। अब ये आईएएस अधिकारी अपने तबादले के बाद अपनी पदस्थी वाले कार्यालय से अपने स्थानांतरण यात्रा देयक का भुगतान ले सकेंगे। 

यह नई सुविधा इसलिये दी गई है कि अब विधानसभा आम चुनाव के बाद नवनिर्वाचित सरकार द्वारा अनेक आईएएस अधिकारियों के तबादले किये जायेंगे तथा इसमें उन्हें स्थानांतरण यात्रा देयक के भुगतान में दिक्कत नहीं हो।

इस संबंध में राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी आईएएस अफसरों को परिपत्र जारी कर कहा है कि स्थानांतरण होने के उपरांत कतिपय भारतीय प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनके स्थानांतरण देयक स्वीकृति हेतु सीधे सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक शाखा की ओर भेजे जा रहे हैं, जिससे उनके देयकों के भुगतान में अनावश्यक विलंब होता है। 

इसलिये अब स्थानांतरण के उपरांत नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत नियत समयावधि के अंदर स्थानांतरित आईएएस अधिकारी अपनी पदस्थी वाले विभाग/कार्यालय के लेखाधिकारी को स्थानांतरण यात्रा देयक प्रस्तुत करें। 

यदि किसी कारणवश देयक प्रस्तुत करने में विलंब हो गया हो तो ऐसी स्थिति में ही विलंब के कारण को स्पष्ट करते हुए देयक सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक शाखा को विलंब से छूट की अनुमति के साथ स्वीकृति प्रदान किये जाने हेतु भेजा जाये। सामान्य अवधि के यात्रा देयक सामान्य प्रशासन विभाग (कार्मिक) को भेजने की आवश्यकता नहीं है।