सत्तारूढ भाजपा ने आज किसानों से लेकर युवाओं और अपने बुजुर्गों की तरफ रुख किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह मुरैना में किसानों के व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम व कृषि मेले की शुरुआत की,इसमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा करीब पैंतीस हजार किसान भी मौजूद थे। यहां विदेशी तकनीकों और प्रशिक्षकों के जरिये किसानों को उन्नत खेती के सूत्र दिये जा रहे हैं। चौहान ने कहा कि कांग्रेस शासन में किसानों को 16 प्रतिशत ब्याज में ऋण मिलता था जबकि भाजपा सरकार जीरो प्रतिशत पर ऋण दे रही है। उन्होंने किसानों से लागत कम करने के प्रयास पर जोर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में युवा मोर्चा के अधिवेशन में युवाओं को प्रेरित किया। शाम को वे भोजपुर में पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
आय दोगुनी करने का महायज्ञ
इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि हिंदुस्तान में जितनी भी कृषि मशीनरी है वह सब आज मुरैना में है। यह आयोजन किसानों की आय को बढाने का महायज्ञ है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह लक्ष्य तय किया है कि किसानों को स्थिति को सुधारा जाये और उनकी आय बढाई जाए। आय बढाने के लिये उत्पादन बढाना जरूरी है।
नरवाई न जलाएं किसान, मशीन खरीदें
यहां किसानों को बताया जाएगा कि प्राकृतिक खेती कैसे की जाती है। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के गर भी सिखाए जायेंगे। उन्होंने किसानों नरवाई जलाने के बजाए भूसा बनाने के लिए मशीन खरीदी के लिए अनुदान देने वाली योजना की जानकारी दी और आग्रह किया कि खेतों में नरवाई न जलाई जाए। जो युवा ये मशीन लेना चाहेंगे उन्हें सरकार लोन दिलाएगी और गारंटर बनेगी। इससे युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। हर किसान यह मशीन खरीदने की बजाय दूसरे से किराये पर भी ले सकता है। युवाओं को सरकारें राशन की दुकान तक राशन पहुंचाने के लिए वाहन खरीदने के लिए भी सरकार मदद देगी इससे राशन की गड़बड़ी भी रुकेगी और रोजगार भी मिलेगा।