मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पैरा केनोइंग प्लेयर प्राची यादव और हॉकी अकादमी की सुशीला चानू को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को 'अर्जुन पुरस्कार' से सम्मानित किया। साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिवेंद्र सिंह को 'द्रोणाचार्य पुरस्कार' से सम्मानित किया।
राजधानी दिल्ली में आयोजित समारोह में ऐश्वर्य को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। मप्र के निशानेबाज को पुरस्कार मिलने पर सीएम मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी है।
सीएम मोहन यादव ने लिखा- पूरे मध्यप्रदेश को आप पर गर्व है बेटे ऐश्वर्य...महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी के कर कमलों से मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर जी को 'अर्जुन पुरस्कार' से सम्मानित होने पर बहुत-बहुत बधाई। आपने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन एवं असाधारण प्रतिभा से मध्यप्रदेश का नाम पूरे विश्व में रोशन किया है। आपके स्वर्णिम भविष्य के लिए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं।
इनके अलावा महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मध्यप्रदेश की बेटी प्राची यादव को (पैरा कैनोइंग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “अर्जुन पुरस्कार” से सम्मानित किया। साथ ही मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी की खिलाड़ी सुश्री पुखरामबम सुशीला चानू को भी 'अर्जुन पुरस्कार' से सम्मानित किया गया।