अक्षय कुमार और इमरान हाशमी की 'सेल्फी' काफी धूमधाम से रिलीज हुई, लेकिन दर्शकों ने पहले ही दिन इसे नकार दिया। 'सेल्फी' ने अक्षय कुमार की मुश्किलें और भी बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर बेहद खराब शुरुआत हुई है।
हालात ऐसे हैं कि फ़िल्म अक्षय के करियर की सबसे बड़ी फ्लॉप साबित हो सकती है। हालत ये रही कि सिनेमाघरों में सुबह और दोपहर के शो से दर्शक नदारद देखे गए हैं। इसके चलते मलयालम फिल्म 'ड्राइविंग लाइसेंस' की यह रीमेक अक्षय के करियर की सबसे खराब ओपनिंग बनने की कगार पर है।
लगातार चार फ्लॉप फिल्में देने वाले अक्षय के लिए 'सेल्फी' एक वेक-अप कॉल की तरह है। यह अलार्म और करियर के लिहाज से जागने का समय है, अब अक्षय को फ़िल्में चुनने में काफी सावधानी बरतनी होगी।
राज मेहता के निर्देशन में बनी 'सेल्फी' को समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों से भी मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। अपने सुपरफैन से लड़ने वाले एक सुपरस्टार की कहानी पहले दिन दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाई और संकेतों से ऐसा नहीं लगता कि आने वाले वीकेंड में यह कोई कमाल करेगी।
अक्षय कुमार की फैन फॉलोइंग ही एक मात्र कारण है जिसके चलते इतने भी दर्शक सिनेमा हॉल पहुंचे हैं। लेकिन उनके फैन्स भी थिएटर से निकलते हुए मायूस ही दिखे।
साल 2021 में 'सूर्यवंशी' रिलीज होने के बाद से ही अक्षय एक बड़ी हिट के लिए तरस रहे हैं। उनकी 'बच्चन पांडे', 'सम्राट पृथ्वीराज', 'रक्षा बंधन' और 'रामसेतु' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटे हैं और अब 'सेल्फी' भी इस लिस्ट में शामिल होने जा रही है।
फिल्म में अक्षय और इमरान के अलावा नुसरत भरूचा और डायना पैंटी भी हैं। करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को देश में 2000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। अक्षय कुमार की पिछली नाटकीय रिलीज़ 'राम सेतु' ने अपने पहले दिन 14.81 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
जबकि इससे पहले 'रक्षाबंधन' ने 8.02 करोड़ रुपये की कमाई की थी। लेकिन जिस तरह से 'सेल्फी' शो खाली हैं, उसे देखते हुए यह फिल्म ओपनिंग डे पर 4-5 करोड़ रुपये की कमाई कर रही है।