भोपाल। मध्यप्रदेश में आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए खिलौने व अन्य सामग्री एकत्र करने की मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की पहल की हर जगह प्रशंसा हो रही है। सीएम शिवराज ने मंगलवार को राजधानी में हाथ ठेला से सामग्री एकत्रित कर इस अभियान की शुरुआत की थी। उनके इस अभियान को कई नामी—गिरामी लोगों ने सराहा है. इनमें फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद, कवि डा.कुमार विश्वास और नोबल पुरुस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी जैसी हस्तियां हैं. इन सभी लोगों ने ट्वीट कर बच्चों के लिए शुुरु किए गए इस अभियान की प्रशंसा की और हर तरह से सहयोग का भी वादा किया।
बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की इस पहल की प्रशंसा की है. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि मुझे बहुत खुशी होगी अगर मैं आंगनवाड़ी के इन बच्चों के लिए किसी तरह से कुछ कर सकूं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बताया है कि अक्षय कुमार प्रदेश की आंगनवाड़ी के लिए एक करोड़ रुपये देंगे। इसके साथ ही 50 आंगनवाड़ी भी गोद लेंगे।
इस अभियान पर धर्मगुरु महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद ने कहा कि सुपोषित और शिक्षित बच्चों के द्वारा ही स्वस्थ्य एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। अपने मामा होने के दायित्व का निर्वहन करते हुए प्रदेश के बच्चों के लिए मुख्यमंत्री का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय है। नोबल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी ने सीएम की इस पहल पर कहा कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा सरकार के साथ हमारी साझा जिम्मेदारी है।
आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए सामग्री एकत्र करने की मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर कवि डा.कुमार विश्वास ने भी खुशी जताते हुए प्रशंसा की. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि यह जन भावनाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का एक वरेण्य व उत्तम प्रयास है। इन प्यारे नौनिहालों के लिए कुछ स्वरचित बाल साहित्य व अन्य आवश्यक पुस्तकें भेज रहा हूं।