रक्षाबंधन के मौके पर आमिर खान की मचअवेटेड मूवी 'लाल सिंह चड्ढा' और अक्षय कुमार की 'रक्षाबंधन' मूवी सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। दोनों ही फिल्‍मों ने अपने ओपनिंग डे पर उम्‍मीद से कम कमाई की है।

11 अगस्त यानी रक्षाबंधन के दिन बॉलीवुड के दो सुपरस्टार्स की फिल्मों का बॉक्सऑफिस क्लैश हुआ। आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' और अक्षय कुमार की 'रक्षा बंधन' गुरुवार को रिलीज हुई। दोनों ही फिल्मों से सभी को काफी उम्मीदें थी लेकिन ओपनिंग डे पर ही आमिर और अक्षय की फिल्म ने सबकी उम्‍मीदों पर पानी फेर दिया। 

त्‍योहार की छुट्टी के बाद भी लोग थिएटर्स में कम संख्‍या में ही पहुंचे। पंजाब, यूपी और दिल्‍ली जैसे शहरों में 'लाल सिंह चड्ढा' के बायकॉट की मांग के बाद भी इस फिल्म ने पहले दिन 11.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया। हालांकि, उम्मीद थी कि आमिर और करीना कपूर खान की फिल्म ओपनिंग डे पर कम से कम 15-17 करोड़ रुपये का कलेक्शन तो कर ही लेगी। 

लाल सिंह चड्ढा को अद्वैत चंदन ने डायरेक्‍ट किया है। ये फिल्म हॉलीवुड मूवी 'फॉरेस्‍ट गम्‍प' की ऑफिशियल हिंदी रीमेक है। फिल्‍म में करीना कपूर खान, आमिर खान, मोना सिंह और मानव विज के काम की तारीफ हो रही है। इसके बावजूद सिनेमाघरों में सिर्फ 15-20 परसेंट सीटें ही भरी हुई थीं।  

वहीं, इसके मुकाबले अक्षय की फिल्म 'रक्षा बंधन' ने दर्शकों को ज्यादा निराश किया। अक्षय कुमार की फिल्‍म 'रक्षा बंधन' ने पहले दिन महज 7.5 करोड़ रुपये की कमाई ही कर सकी। ये कहा जा सकता है कि थिएटर्स में रक्षा बंधन का हाल लाल सिंह चड्ढा से भी बुरा रहा। फिल्म के शोज में केवल 10 परसेंट सीटें ही भरीं। 

डायरेक्टर आनंद एल राय की इस फिल्‍म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है। खैर, उम्मीद की जा रही है कि वीकेंड पर दोनों फिल्मों के कलेक्शन पर असर दिखेगा। राखी के त्‍योहार की वजह से लोग बिजी रहे। शायद यही कारण है कि लोग थिएटर्स कम तादात में पहुंचे।  वहीं, शनिवार, रविवार और सोमवार को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी का दोनों फिल्मों को फायदा मिल सकता है।