प्रदेश में चल रही जनकल्याण और विकास की सभी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन निरंतर जारी रहेगा, कोई भी योजना बंद नहीं होगी, आवश्यक धनराशि का प्रबंध कर सभी योजनाओं व कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। मध्यप्रदेश के विकास में समूचे निमाड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इस क्षेत्र के विकास के लिए राज्य शासन प्रतिबद्ध है।

यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन के नवग्रह मेला ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में 182 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए कही। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत इंदौर संभाग के 167 करोड़ रुपए लागत के 41 विकास कार्यों, नानकोडी बैराज, 7.54 करोड़ लागत की झिरन्या और करही बैराज भगवानपुर, भिकनगांव झिरनिया मार्ग पर 5.88 करोड़ लागत के नवीन पुल निर्माण, कायाकल्प योजना 2.0 अंतर्गत खरगोन जिले में 2 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्यों का बटन दबाकर शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 132वें वर्ष में प्रवेश कर रहे नवग्रह मेले का पूजन-अर्चन कर शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड शो सम्मिलित होते हुए नवग्रह मेला ग्राउंड पहुंचे। खरगोन वासियों ने रोड शो में उत्साह के साथ ढोल-ढमाके, जनजातीय नृत्य और पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। रोड शो में महिला, युवा, बुजुर्ग बड़ी संख्या में सहभागी थे। विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघों तथा संस्थाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। रोड शो के बीच एक बालिका ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तिलक किया, जिस पर डॉ. यादव ने बालिका का पुष्प माला भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोड शो में शामिल हुए जनसमुदाय पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नवग्रह मेला ग्राउंड पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने विशाल पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा तीर-कमान भेंटकर उनका अभिवादन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, 21वीं सदी के भारत में अपार संभावनाएं छुपी हुई हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी की नेतृत्व क्षमता और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से देश ही नहीं अपितु सम्पूर्ण विश्व परिचित है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की पाँचवी अर्थव्यवस्था बना है। हम उनके नेतत्व में मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश ने लार्ड मेकाले द्वारा लागू की गई शिक्षा नीति में आमूल-चूल परिवर्तन किया है। प्रदेश में इस नई शिक्षा नीति के तहत हर जिले में एक-एक ऐसा कॉलेज खोला जाएगा, जहां विद्यार्थियों के‍ लिए सभी कोर्स उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि विकास गतिविधियों और जनकल्याण कार्यक्रमों का मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए उनकी समीक्षा संभाग स्तर पर की जाएगी। इसी क्रम में इंदौर संभाग की समीक्षा खरगोन में रखी गई है। विकास-जनकल्याण, कानून व्यवस्था और जनसुविधा से संबंधित गतिविधियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इसी के चलते गुना में हुई बस दुर्घटना के दोषियों पर कठोर कार्यवाही की गई है।  

कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, वन, पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, ज्ञानेश्वर पाटिल, शंकर लालवानी, छतर सिंह दरबार, राज्य सभा सांसद सुश्री कविता पाटीदार, पूर्व मंत्री तथा विधायक \अर्चना चिटनीस सहित क्षेत्र के विधायकगण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा विशाल जनसमुदाय उपस्थित था।