Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ में अगले महीने 7 और 17 नवंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में भाजपा के तमाम बड़े नेताओं का छत्तीसगढ़ आने का सिलसिला भी लगातार है. इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने परिवर्तन संकल्प महासभा को संबोधित करते हुए ना सिर्फ कांग्रेस बल्कि भूपेश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा.

छत्तीसगढ़ में अमित शाह की हुंकार-

अमित शाह ने राजनांदगांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, भूपेश बघेल सरकार ने तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति के लिए छत्तीसगढ़ के बेटे भुवनेश्वर साहू को लिंचिंग कराकर मार दिया. भाजपा ने तय किया है कि हम भुवनेश्वर साहू के हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे और इसके प्रतीक के तौर पर उनके पिताजी ईश्वर साहू को हमने चुनाव के मैदान में उतारा है.

उन्होंने आगे कहा, मैं छत्तीसगढ़ के लोगों को याद दिलाने आया हूं कि इस राज्य का निर्माण हमारे प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था. कांग्रेसी शासन के दौरान पुराना मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ बीमारू राज्य की श्रेणी में आते थे. लेकिन, जब यहां रमन सिंह के नेतृत्व में हमारी सरकार बनी, तो 15 वर्ष में इस बीमारू राज्य को विकसित बनाने का काम किया गया.

रमन सिंह सरकार के कामों को गिनाया-

छत्तीसगढ़ में भाजपा शासन के दौरान हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने बताया, छत्तीसगढ़ी भाषा को राज्य की भाषा का दर्जा देने और किसानों को 14% ब्याज से मुक्त कराने का काम हमारी रमन सिंह सरकार ने किया. देश भर में PDS की सबसे अच्छी व्यवस्था यहां लागू की गई. जिसके बाद रमन सिंह को चावल वाला बाबा कहकर पुकारा गया.

उन्होंने कहा, आने वाला चुनाव केवल सरकार बनाने या विधायक चुनने का नहीं अपितु मोदी जी के नेतृत्व में स्वर्णिम भविष्य वाला छत्तीसगढ़ बनाने का चुनाव है. छत्तीसगढ़ हमारे 15 साल के शासन में खाद्य और पोषण सुरक्षा देने वाला देश का सबसे पहला राज्य बना. 150 दिन तक रोजगार देने वाला, महिला मजदूरों को मातृत्व अवकाश देने वाला और माताओं-बहनों को पंचायत चुनाव में 50% आरक्षण देने वाला पहला राज्य भी छत्तीसगढ़ ही बना.

भूपेश बघेल कांग्रेस के दरबार का ATM- शाह 

कांग्रेस पर तंज़ कसते हुए अमित शाह बोले, भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के दरबार का ATM बना रखा है. छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवाओं के अधिकार का पैसा, दलित युवाओं के अधिकार का पैसा और पिछड़े वर्ग के युवा भाई बहनों के अधिकार का पैसा भी कांग्रेस के दिल्ली दरबार की तिजोरी में जाता है.

भूपेश बघेल सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, बघेल सरकार के दौरान 2,000 करोड़ रुपये का शराब घोटाला, 550 करोड़ रुपये का कोयला परिवहन घोटाला, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में 5,000 करोड़ रुपये का घोटाला, 1,300 करोड़ रुपये से अधिक का गौठान  घोटाला, 600 करोड़ रुपये से अधिक का PDS घोटाला और महादेव एप का 5,000 करोड़ का घोटाला, जैसे घोटाले यहां हुए.

बघेल सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया- शाह 

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह बोले, भूपेश बघेल सरकार ने राज्य की जनता से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया. इनकी वोटबैंक की राजनीति के कारण ही भुवनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई. अगर आप चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ एक बार फिर कौमी दंगों का केंद्र न बने, तो एक बार यहां भाजपा सरकार बना दो, हम भ्रष्टाचार करने वालों से एक-एक पाई वसूलेंगे और उन्हें सजा देने का काम करेंगे.

उन्होंने आगे कहा, 2004 से 2014 तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तो उन्होंने छत्तीसगढ़ को इन दस वर्षों में विकास हेतु मात्र 77 हजार करोड़ रुपये दिए. वहीं, पीएम मोदी ने मात्र 9 वर्ष में 3 लाख 1 हजार करोड़ रुपये छत्तीसगढ़ को दिए.