केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनाव का ऐलान हो रहा है। इसके साथ ही राज्य की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में मोर्चा संभाल लिया है वहीं आप कल अपना सीएम उम्मीदवार घोषित करेगी।
गुजराज की सत्ता में वापसी की चुनौती को देखते हुए चुनाव आयोग के ऐलान के पहले ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में भाजपा की अहम बैठक में हिस्सा लिया। आज से शुरू हुई गुजरात बीजेपी चुनाव समिति की 3 दिन की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य भाजपा ईकाई के अध्यक्ष सीआर पाटिल मौजूद हैं। बैठक मे चुनाव को लेकर रणनीतियों पर व्यापक चर्चा हो रही है।
दूसरी ओर आम आदमी पार्टी शुक्रवार को राज्य में अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार का ऐलान करेगी। बताया जा रहा है कि पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल कल गुजराज में रहेंगे और इस दौरान वे अपनी पार्टी के सीएम फेस का ऐलान कर सकते हैं। पार्टी ने इसके लिए बड़े पैमाने पर रायशुमारी भी की है।
वहीं कांग्रेस ने भी चुनावी तैयारियों के लिए डोर टू डोर कैंपेन पर फोकस करना शुरू कर दिया है। पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में खासी सक्रिय नजर आ रही है। बीते विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस को ग्रामीण अंचलों में खासी सफलता मिली थी।