शिक्षक भर्ती 2018 के अभ्यर्थियों के लिए काम की खबर है। द्वितीय काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती के लिए 4,075 पदों की घोषणा कर दी गई है। इसमें स्कूल शिक्षा में 2,750 और जनजातीय कार्य विभाग में 1325 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके साथ माध्यमिक शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषय के लिए पोर्टल खोला गया है।
दरअसल, शिक्षक भर्ती 2018 की द्वितीय काउंसलिंग की प्रक्रिया चल रही है, इसके लिए पदों का रोस्टर जारी किया गया है। पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने सोमवार को लोक शिक्षण कार्यालय पहुंचकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के पद के लिए डाक्यूमेंट अपलोड करने के लिए पोर्टल खोलने की मांग की, इस पर अधिकारियों ने पोर्टल खोल दिया है और पदों की संख्या अपडेट कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही माध्यमिक शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी को भी सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को लाभ होगा
मप्र पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी संघ के संयोजक रंजीत गौर का कहना है कि पात्र अभ्यर्थियों की मांग पर स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री इंदर सिंह परमार द्वारा की गई पद वृद्धि के साथ सेकंड काउंसलिंग की घोषणा को आज पूरा कर दिया गया है। इसके साथ दोनों विषयों को पोर्टल खोलने से अनेक अभ्यर्थियों को लाभ होगा।
दस्तावेज अपलोड करने की अंतिम तिथि अब 16 अक्टूबर
स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत उच्च माध्यमिक शिक्षकों एवं माध्यमिक शिक्षकों की भर्ती के लिए दस्तावेज अपलोड करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर 2022 तक बढ़ाई गई है। पहले अंतिम तारीख 10 अक्टूबर तय की गई थी। आयुक्त लोक शिक्षण अभय वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी एम.पी. ऑनलाईन पोर्टल पर 16 अक्टूबर तक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। साथ ही 30 दिसंबर 2019 के विज्ञापन के आधार पर ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने दस्तावेज अपलोड कर सत्यापन कराया था, लेकिन मेरिट कम में जिनकी नियुक्ति नहीं हुई है उन सभी अभ्यर्थियों को फिर से दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।