ओटीटी पर अपनी पहली ही सीरीज 'हेलो मिनी' में बोल्ड सीन से चर्चा में आई एक्ट्रेस अनुजा जोशी 19 अगस्त को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट करती हैं। हेलो मिनी के अलावा एक्ट्रेस अनुजा जोशी ब्रोकन बट ब्यूटीफुल में भी नजर आ चुकी हैं। 1992 में न्यूयॉर्क में जन्मी अनुजा का पालन-पोषण वहीं पर हुआ है। हालांकि एक्ट्रेस अपने काम के चलते मौजूदा समय में मुंबई में रहती हैं।
अनुजा जोशी ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी और इसके बाद उन्होंने वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा, हालांकि कम ही लोग जानते होंगे कि एक्ट्रेस अनुजा का बॉलीवुड से भी गहरा नाता है। तो एक्ट्रेस अनुजा जोशी का जन्म भले ही अमेरिका में हुआ हो लेकिन वह माया नगरी से गहरा संबंध रखती हैं।
दरअसल वह अलंकार जोशी की बेटी और पल्लवी जोशी की भतीजी हैं। एक्ट्रेस पल्लवी जोशी को तो सब जानते ही हैं, लेकिन इसके अलावा बता दें कि अलंकार जोशी भी खुद एक कलाकार रह चुके हैं और उन्होंने बॉलीवुड में भी काम किया है। अनुजा जोशी के पिता ने सीता, गीता, ड्रीम गर्ल और डॉन जैसी फिल्मों में बाल कलाकार को रूप में काम किया था। हालांकि बाद में उन्होंने फिल्मों को अलविदा कह दिया और विदेश में अपना बिजनेस स्टार्ट किया।