बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर सोमवार की सुबह मुमताज और शाहजहां के प्यार की निशानी आगरा का ताजमहल देखने पहुंचे। एक्टर अनुपम खेर दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल की सुंदरता से मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने ताजमहल देखने के बाद अपने विचार भी व्यक्त किए। 

अनुपम खेर सोशल मीडिया पर लिखा ''ताजमहल बेहद खूबसूरत है। लोगों को इसे देखना चाहिए। आज ताजमहल देखने का अवसर प्राप्त हुआ। आलीशान और भव्य। केवल मोहब्बत की निशानी नहीं। वास्तुकला और महीन कारीगरी का भी एक ग़ज़ब अजूबा! सरकार द्वारा सबके लिए सुविधा से देखने का इंतज़ाम सराहनीय है!”

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर मैक फिल्म्स फिल्म की शूटिंग के लिए आगरा में हैं। वे सुबह करीब साढ़े छह बजे ताजमहल पहुंचे। सफेद शर्ट और नीली जींस पहने अनुपम ने मास्क पहना हुआ था।

अनुपम खैर का कहना है कि वह लंबे समय से ताजमहल देखना चाहते थे, लेकिन कभी समय नहीं मिला। आज उनकी ताजमहल देखने की बरसों पुरानी इच्छा पूरी हो गई है। ताजमहल बेहद खूबसूरत है। लोगों को इसे देखना चाहिए। अनुपम खेर ने करीब डेढ़ घंटा ताजमहल में बिताया। इस दौरान उन्होंने यादगार पलों को कैमरे में भी कैद किया।

गौरतलब है, कि आगरा के ताजमहल को लेकर विवाद चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि ताजमहल एक प्राचीन शिव मंदिर था। इसी के चलते इसका नाम बदलकर ताजमहल की जगह तेजो महालय किये जाने की मांग भी की जा रही है।