मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के एक प्रत्याशी के घर असम पुलिस ने रेड मारी है। असम पुलिस की इस रेड से प्रचार अभियान शुरू करते ही कांग्रेस प्रत्याशी कानूनी झमेले में घिरे नज़र आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कि जिस केस में असम पुलिस यादवेंद्र सिंह बुंदेला के घर पहुँची है वो उनके बेटे से जुड़ा है। बुंदेला के बेटे पर किसी मामले में धोखाधड़ी का आरोप है। इसे केस को लेकर ही असम पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ घर पर दबिश दी है।
हालांकि असम पुलिस ने अभी अधिक जानकारी नहीं दी है। अप्रिय स्थिति से बचने के लिए घर के आसपास कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल बंद कमरे में पुलिस पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस द्वारा जारी 144 प्रत्याशियों की सूची में टीकमगढ़ विधानसभा से पूर्व मंत्री रहे यादवेंद्र सिंह बुंदेला को प्रत्याशी बनाया गया है। यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने साल 2008 में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को चुनाव में हराया था।
इसके बाद साल 2013 में कांग्रेस ने फिर यादवेंद्र सिंह को टिकट दिया, लेकिन वे भाजपा प्रत्याशी केके श्रीवास्तव से 17000 से चुनाव हारे। साल 2018 में कांग्रेस ने एक बार फिर यादवेंद्र सिंह को टिकट दिया, लेकिन लगातार दूसरी बार वह भाजपा प्रत्याशी राकेश गिरी गोस्वामी से करीब 4000 वोटों से चुनाव हार गए। अब लगातार चौथी बार कांग्रेस पार्टी ने उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है।