मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही मुरैना में नया इतिहास लिखा गया है। स्व. वाजपेयी राजनीति के मर्मज्ञ थे। वे सदैव सच्चाई के लिए जिये। वे पूरे भारत को अपना परिवार मानने वाले विराट हृदय व्यक्तित्व थे। स्व. वाजपेयी लोकतांत्रिक परम्पराओं का पालन करने वाले कालजयी महापुरूष थे। उनकी सहजता, सरलता, विन्रमता और उनके जीवन मूल्य हमें आज भी जीना सिखाते हैं। सीएम डॉ. यादव सोमवार को मुरैना में अटल जी की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमने महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह को नहीं देखा, पर अटल जी को करीब से देखा है। उन्हें शत-शत नमन है। देश को लोकतंत्र का एक नायक अटल जी के रूप में मिला। कोई नेता पक्ष में हो या विपक्ष में, एक जैसी भाषा बोले, ये हमने अटल जी के व्यक्तित्व में ही देखा है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर दुनिया में देश का गौरव बढ़ाया था। अटल जी भारत माता के सच्चे सपूत थे। उन्होंने 50 साल तक विपक्ष में बैठकर लोकतंत्र और संसदीय परम्पराओं को सशक्त करने का अभूतपूर्व कार्य किया।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि अटल जी ने अपनी कविता में कहा था कि “क्या हार में, क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, संघर्ष पथ पर जो भी मिला, ये भी सही और वो भी सही।" स्व. वाजपेयी के योगदान को हमारा देश कभी नहीं भूल पाएगा। पावर्ती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) और केन-बेतवा (केबी) नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना उन्हीं की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उनकी सोच को हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्रियान्वित किया है।
इसके लिए हम प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हमने 70 हजार करोड़ रूपए की नदी जोड़ो परियोजना से मध्यप्रदेश में जल संग्रहण का एक नया अभियान शुरू किया है।
सीएम डॉ.यादव ने स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की मांग पर मुरैना नगर निगम की सीमा क्षेत्र से लगी 13 ग्राम पंचायतों के सभी गांवों में जरूरी विकास कार्यों के लिए 20 करोड़ रुपए और मुरैना शहर में इलेक्ट्रिसिटी पोल शिफ्टिंग कार्य के लिए 10 करोड़ रूपए विकास राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुरैना शहर में बोट क्लब के साथ जहाँ जरूरी हैं, वहाँ सड़कें भी बनाई जाएंगी।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि सीएम डॉ. यादव का मुरैना आगमन यहां के विकास में चार चांद लगाएगा। स्व. वाजपेयी की प्रतिमा जनसेवा में लगे स्थानीय युवाओं को प्रेरणा देगी। अटल जी ने अपने कार्यों से देश के करोड़ों लोगों के हृदय में स्थान बनाया था।
वे हमेशा कहा करते थे कि सत्ता पाना नहीं, वरन् शक्तिशाली, समृद्ध, समर्थ और विकसित भारत का निर्माण ही हमारी मंजिल होना चाहिए। ऐसा भारत जिसमें समरसता हो, यह उनका लक्ष्य था। हर दल के नेताओं को अटल जी के विचारों को समझना और पढ़ना चाहिए। जो अटल जी से प्रेरणा लेगा, वो जीवन पथ में बहुत आगे जाएगा। तोमर ने कहा कि वे स्वयं राजनीति में अटल जी को अपना आदर्श मानते हैं।
खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि चंबल की माटी के सपूत भारत रत्न स्व. अटल विहारी वाजपेयी की प्रतिमा का आज अनावरण हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हमारे सीएम डॉ. यादव अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश को विकास की दिशा में लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
अटल जी देश के एक मात्र ऐसे नेता थे, जिन्हें हर दल में स्वीकार्यता प्राप्त थी। गांव-गांव को सड़क और नदियों को जोड़ने का सपना अटल जी ने देखा था। आज अटल जी का स्वप्न पूरा होता दिख रहा है। सीएम डॉ.यादव ने उत्तरप्रदेश और राजस्थान के साथ नदियों को जोड़ने के मिशन के साथ जल संरक्षण से जुड़े कई उल्लेखनीय निर्णय लिए हैं।
राजस्व मंत्री और मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि स्व. वाजपेयी स्वप्नदृष्टा थे। उनके सपनों को साकार करते हुए हमारी सरकार ने गांव-गांव को सड़कों से और सूखी नदियों को बारहमासी नदियों से जोड़ने का काम किया है।
कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना ने कहा कि स्व. वाजपेयी ने देश को आगे बढ़ाने के लिए कई बड़े कार्य किए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाय) उन्हीं की देन है। आज हमारे प्रधानमंत्री मोदी, अटल जी के देखे गए सपनों और उनके कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, विवेक सहित मुरैना जिले के विधायक, जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।