Ayodhya International Airport: उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन किया जाएगा. फिलहाल, मंदिर का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है. इसके साथ ही अयोध्या का विकास भी तेजी से हो रहा है. अयोध्या में एक एयरपोर्ट का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसका निर्माण अंतिम चरण में है.

जल्द ही अयोध्या एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू होने की संभावना है. अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरते ही भगवान श्रीराम के दुर्लभ दर्शन होंगे. क्योंकि एयरपोर्ट की दीवारों पर भगवान श्रीराम की जीवन शैली की 14 विशेष पेंटिंग प्रदर्शित की गई है. कुछ ही समय में इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें भी आनी शुरू हो जाएंगी.

एयरपोर्ट निर्माण का कार्य कहां तक ​​पहुंचा?

श्रीराम एयरपोर्ट के जीएम राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि एयरपोर्ट का काम अंतिम चरण में है. रनवे और पार्किंग पूरी तरह से तैयार है, जबकि बिल्डिंग का काम अंतिम चरण में है. फिलहाल, एयरपोर्ट के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है. डीजीसीए की टीम ने निरीक्षण भी किया. जल्द ही उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है.

अयोध्या एयरपोर्ट को भगवान श्रीराम के मंदिर के आधार पर डिजाइन किया गया है. इस धार्मिक नगरी के कार्यों में योगदान देना हमारे लिए गर्व की बात है. निर्माण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. अगले सप्ताह एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ ही डीजीसीए से लाइसेंस भी मिल जाएगा.

एयरपोर्ट के सभी तकनीकी निरीक्षण का काम भी चल रहा है. यह 15 दिसंबर से पहले पूरा हो जाएगा. अयोध्या में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि डीजीसीए की टीम ने एयरपोर्ट का निरीक्षण कर लिया है और जल्द ही ऑफिसियल मंजूरी मिल जाएगी. उसके बाद यात्री अयोध्या में फ्लाइट से यात्रा कर सकेंगे.

एयरपोर्ट पर राम मंदिर की झलक-

अयोध्या एयरपोर्ट का निर्माण लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. एयरपोर्ट के डिजाइन में मंदिर वास्तुकला की नागर शैली शामिल होगी. यह एयरपोर्ट श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नाम से जाना जाएगा. एयरपोर्ट में राम मंदिर की झलक भी दिखेगी.

उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हाल ही में कहा था कि अयोध्या में श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण पर चल रहा काम इस महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा. उन्होंने उम्मीद जताई है कि जनवरी में श्रीराम नगर आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए अयोध्या एयरपोर्ट तैयार हो जाएगा.

उन्होंने आगे बताया कि मैंने हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अयोध्या हवाई अड्डे का निरीक्षण किया. इस माह के अंत तक एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार हो जाएगा. हम इस प्रोजेक्ट पर लगातार नजर रख रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे.

बता दें कि अयोध्या में भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तारीख का ऐलान हो गया है. 22 जनवरी को रामलला नवनिर्मित राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होंगे. उस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इसकी जानकारी दी है.

महासचिव चंपत राय ने राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा, ट्रस्ट के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उन्हें प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. पीएम मोदी के निमंत्रण स्वीकार करने के साथ ही प्राण प्रतिष्ठा की तारीख भी तय हो गई है.

इसमें करीब 8000 गणमान्य लोग शामिल होंगे-

मंदिर जनवरी 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा. इस विशेष कार्यक्रम के लिए प्रतिष्ठित क्रिकेटरों के अलावा लगभग 8000 गणमान्य व्यक्तियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है. रामलला की मूर्ति के अनावरण समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली मौजूद रहेंगे.

अयोध्या के विकास में रेलवे की बड़ी भूमिका-

रेल मंत्रालय ने हाल ही में कहा था कि अयोध्या रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य दो चरणों में किया जा रहा है. 240 करोड़ रुपये की लागत से पहला चरण इसी साल 31 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा. जिसमें स्टेशन की क्षमता को मौजूदा पांच हजार यात्रियों से बढ़ाकर एक लाख यात्री किया जा रहा है.

अयोध्या के भव्य कार्यक्रम को देखते हुए भारतीय रेलवे ने भी अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है. मंदिर के उद्घाटन के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे बड़े पैमाने पर अयोध्या के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की भी योजना बना रहा है. माना जा रहा है कि रेलवे एक हफ्ते में अयोध्या के लिए 100 से ज्यादा स्पेशल ट्रेन चला सकता है. देश के सभी जोन को आवश्यकतानुसार अलर्ट पर रहने को कहा गया है.

दूसरा, स्टेशन का मुख्य द्वार और पूरा मुखौटा राजस्थान के भरतपुर के बंसी पहाड़पुर के उन्हीं पत्थरों से बनाया गया है, जिसका उपयोग रामलला के मंदिर निर्माण में किया जा रहा है. विश्व प्रसिद्ध यह पत्थर पांच हजार साल से भी अधिक पुराना बताया जाता है. जब बारिश होती है तो यह और भी अधिक चमकता है.

स्टेशन में अयोध्या मंदिर जैसा डिजाइन दिखेगा-

स्टेशन के सामने और प्लेटफार्म के दोनों तरफ 8 मंदिर नुमा पिरामिड बने हुए हैं. स्टेशन के सामने वाले गेट से प्रवेश करते ही लोगों को अयोध्या मंदिर जैसा डिजाइन दिखेगा. स्टेशन गेट के पास भगवान श्रीराम की मूर्ति लगाने की भी तैयारी चल रही है. जबकि, सामने गेट पर भगवान श्री राम का मुकुट बनाया जाएगा.

वर्तमान में अयोध्या स्टेशन पर तीन प्लेटफॉर्म हैं, लेकिन 422 करोड़ रुपये के निर्माण के दूसरे चरण में इसे छह प्लेटफॉर्म के साथ बनाया जाएगा. ताकि, यहां अधिक से अधिक ट्रेनों का संचालन किया जा सके.

फिलहाल, अयोध्या स्टेशन पर यात्रियों की क्षमता पांच हजार है. हालांकि, निर्माण के बाद इसकी क्षमता बढ़कर एक लाख यात्री प्रतिदिन होने की उम्मीद है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भारतीय रेलवे देशभर के 1275 रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण कर रहा है. इसमें अयोध्या रेलवे स्टेशन भी शामिल है.