भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या में दीपावली समारोह के तहत छोटी दिवाली के दिन यानी आज शाम को यहां भव्य दीपोत्सव का कार्यक्रम होगा। जिसमें करीब 18 लाख मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। दीपोत्सव के दौरान आतिशबाजी, लेजर शो और रामलीला का भी भव्य आयोजन चलेगा।
यह छठी बार है जब अयोध्या में दीपोत्सव का इनता बड़ा आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे।
अयोध्या संभाग के संभागीय आयुक्त नवदीप रिनवा ने कहा कि राम की पौड़ी में 22,000 से अधिक स्वयंसेवकों द्वारा 15 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। बाकी के दीये अन्य जगहों पर कम दूरी पर जलाए जाएंगे।
दीपोत्सव देखने के लिए शनिवार शाम से ही बड़ी संख्या में लोग राम की पौड़ी पहुंच रहे हैं। वहां रखे लाखों दियें अब सिर्फ़ शाम होने का इंतजार कर रहे हैं।
छोटी दिवाली के मौके पर रविवार यानी आज पीएम नरेंद्र मोदी अयोध्या में होंगे। जहां वे राम लला की पूजा करेंगे। इस बीच, पीएम राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।